रांची: दलीप ट्रॉफी 2026-27 के लिए ईस्ट जोन टीम की घोषणा कर दी गई है। टीम की कप्तानी भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन को सौंपी गई है, जबकि बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को उपकप्तान बनाया गया है। टीम में झारखंड के पांच खिलाड़ियों का चयन राज्य के घरेलू क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
ईस्ट जोन की 15 सदस्यीय टीम में कप्तान ईशान किशन के अलावा झारखंड के कुमार कुशाग्र, अनुकूल रॉय, विराट सिंह और शिखर मोहन को भी स्थान मिला है। वहीं शरनदीप सिंह को स्टैंडबाय खिलाड़ी के रूप में शामिल किया गया है। टीम के कोच रतन कुमार और फिजियो रंचल चौधरी भी झारखंड से हैं।
झारखंड के खिलाड़ियों की मजबूत मौजूदगी इस बात का संकेत है कि राज्य के क्रिकेटरों ने घरेलू प्रतियोगिताओं में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। हाल के वर्षों में उनके प्रदर्शन का असर राष्ट्रीय स्तर पर टीम चयन में भी देखने को मिला है।
युवा बल्लेबाज शिखर मोहन ने पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में 613 रन बनाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। वहीं विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार कुशाग्र ने भी बल्ले और विकेट के पीछे दोनों भूमिकाओं में शानदार प्रदर्शन किया। अनुकूल रॉय और विराट सिंह भी घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा खेल दिखाते रहे हैं। अब इन खिलाड़ियों को अनुभवी क्रिकेटरों के साथ खेलने का अवसर मिलेगा, जिससे उनके अनुभव और प्रदर्शन में और निखार आने की उम्मीद है।
झारखंड क्रिकेट के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि पिछले वर्ष टीम ने पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब जीतकर इतिहास रचा था। इसके बाद दलीप ट्रॉफी में राज्य के खिलाड़ियों को बड़ी संख्या में मौका मिलना उस सफलता की निरंतरता के रूप में देखा जा रहा है।
झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) ने भी खिलाड़ियों के चयन पर प्रसन्नता जताई है। एसोसिएशन का मानना है कि यह खिलाड़ियों की मेहनत, निरंतर प्रदर्शन और राज्य में विकसित हो रही क्रिकेट संरचना का सकारात्मक परिणाम है। उम्मीद जताई जा रही है कि ईशान किशन के नेतृत्व में ईस्ट जोन टीम टूर्नामेंट में मजबूत प्रदर्शन करेगी।
