Thursday, July 30, 2026

जामताड़ा सदर अस्पताल में डायलिसिस सुविधा के लिए मशीन खरीदने का निर्देश.

Share

जामताड़ा: जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) और कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) योजनाओं की समीक्षा को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त आलोक कुमार ने की।

बैठक में DMFT से चल रही योजनाओं की प्रगति, अधूरे कार्यों की स्थिति और पूर्व में दिए गए निर्देशों के पालन की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को लंबित योजनाओं को जल्द पूरा करने और आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि DMFT की राशि का उपयोग जिले की प्राथमिक जरूरतों और जनहित से जुड़े विकास कार्यों में प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। साथ ही योजनाओं का नियमित ऑडिट कराने का भी निर्देश दिया गया।

बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल में डायलिसिस मशीन उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। इसके अलावा टीबी मरीजों को पोषण सहायता के रूप में नियमित फूड बास्केट उपलब्ध कराने को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए।

CSR योजनाओं की समीक्षा के दौरान बैंकों और औद्योगिक संस्थानों द्वारा सामाजिक दायित्वों के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित संस्थानों को CSR गतिविधियों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में पुलिस विभाग के लिए 8 एएनपीआर कैमरे उपलब्ध कराने, सीसीटीवी कैमरों के रखरखाव, सोलर लाइट लगाने, मिहिजाम थाना परिसर में शौचालय निर्माण, स्कूलों को पुस्तकें उपलब्ध कराने, डिजिटल लाइब्रेरी के लिए कंप्यूटर व आईटी उपकरण देने तथा समाहरणालय एवं पुलिस लाइन में पार्किंग शेड निर्माण जैसे प्रस्तावों पर भी विचार किया गया।

इसके अलावा पुलिस अधीक्षक के प्रस्ताव पर समाहरणालय से पुलिस लाइन तक स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना पर भी चर्चा हुई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. शम्भू कुमार सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और बैंक प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Read more

Local News