Wednesday, July 1, 2026

15 जून को सूर्य के मिथुन राशि में प्रवेश से बनेगा गुरु आदित्य राजयोग, जो देश-दुनिया, राजनीति, अर्थव्यवस्था और जनजीवन पर गहरा असर डालेगा.

Share

15 जून 2025 को सूर्य देव वृषभ राशि से निकलकर मिथुन राशि में प्रवेश करेंगे. यह गोचर ज्योतिषीय दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है क्योंकि सूर्य आत्मबल, प्रतिष्ठा, पद, सम्मान और यश के कारक ग्रह हैं.  सूर्य के राशि परिवर्तन का प्रभाव संपूर्ण पृथ्वी, समाज, राजनीति, व्यवसाय और सभी 12 राशियों पर पड़ता है. मिथुन राशि में सूर्य के प्रवेश के साथ ही एक विशिष्ट राजयोग का निर्माण होगा क्योंकि इस राशि में पहले से ही देवगुरु बृहस्पति (गुरु) विराजमान हैं. सूर्य और गुरु की युति से बनने वाला ‘गुरु आदित्य राजयोग’ बेहद प्रभावशाली और शुभ परिणाम देने वाला माना जाता है.

ज्योतिष में सूर्य और गुरु दोनों को शुभ ग्रह माना गया है और दोनों का आपसी संबंध मित्रतापूर्ण होता है. सूर्य आत्मा का प्रतिनिधित्व करता है, वहीं गुरु ज्ञान, धर्म, और भाग्य का प्रतीक होता है. जब ये दोनों ग्रह एक साथ आते हैं, तो व्यक्ति के जीवन में भाग्य और पराक्रम का संयोग बनता है. यह समय नेतृत्व क्षमता में वृद्धि, आत्मविश्वास में मजबूती और सामाजिक प्रतिष्ठा के विस्तार का कारक बन सकता है. विशेषकर शिक्षा, प्रशासन, राजनीति, मीडिया और व्यापार से जुड़े लोगों को इस योग का विशेष लाभ मिलेगा.

  • सूर्य के शुभ प्रभाव से करियर में उन्नति के अवसर मिलते हैं, आत्मविश्वास बढ़ता है और सरकारी या प्रशासनिक क्षेत्रों में सफलता प्राप्त होती है. वहीं सूर्य यदि कुंडली में अशुभ स्थिति में हो या गोचर में प्रतिकूल हो, तो यह कार्यों में रुकावट, मानसिक तनाव, अधिकारियों से मतभेद, धन हानि, और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियाँ भी दे सकता है. सूर्य शरीर में हृदय, आंखें और हड्डियों का प्रतिनिधित्व करता है, ऐसे में इनके प्रभावित होने की संभावना भी रहती है.
  • शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिल सकती है
    देश और दुनिया पर इस राशि परिवर्तन का व्यापक प्रभाव देखने को मिल सकता है. शुरुआत में शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिल सकती है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय व्यापार और निवेश के चलते बाजार में दोबारा तेजी आने की संभावना प्रबल है. इससे अर्थव्यवस्था में स्थिरता और सुधार के संकेत मिलेंगे. राजनीतिक स्तर पर सत्ता और विपक्ष के बीच टकराव, आंदोलन, प्रदर्शन, और आरोप-प्रत्यारोप की स्थिति बन सकती है. सरकार में कुछ बदलाव या फेरबदल संभव हैं. इसके साथ ही धरना, जुलूस और गिरफ्तारी की घटनाएं भी सामने आ सकती हैं.
  • महिलाओं के लिए समय कठिन
    प्राकृतिक दृष्टिकोण से भी यह समय कुछ संवेदनशील रहेगा. मौसम परिवर्तन, रेल दुर्घटनाएं या अन्य आकस्मिक घटनाओं की संभावना बनी रहेगी. महिलाओं के लिए यह समय थोड़ी सतर्कता का संकेत दे रहा है. किसी प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री या महिला हस्ती से जुड़ा दुखद समाचार सामने आ सकता है. वहीं, मनोरंजन जगत जैसे फिल्म, फैशन, डांस, और कॉमेडी से जुड़े विषयों की चर्चा आम रहेगी. शिक्षा के क्षेत्र में सुधार की संभावनाएं हैं और नई नीतियों की घोषणा संभव है.

इस गोचर के अशुभ प्रभावों से बचने के लिए ज्योतिषाचार्यों द्वारा कुछ उपाय बताए गए हैं. नियमित रूप से भगवान श्री विष्णु की पूजा करें और सूर्य को प्रतिदिन प्रातःकाल जल अर्पित करें. रविवार के दिन व्रत रखें और घर से निकलते समय गुड़ या मिश्री खाकर जल पीना शुभ माना जाता है. साथ ही पिता का आदर-सत्कार करें और जरूरतमंदों को भोजन कराना विशेष फलदायी सिद्ध हो सकता है.

संपूर्ण रूप से देखा जाए तो 15 जून का यह सूर्य गोचर जीवन के विभिन्न पहलुओं पर गहरा प्रभाव छोड़ने वाला है. यह परिवर्तन न केवल ग्रहों की चाल में बदलाव लाएगा, बल्कि देश-दुनिया की दिशा और दशा को भी प्रभावित करेगा. ग्रहों की यह गति संकेत देती है कि समय का सदुपयोग कर आत्मिक, सामाजिक और व्यावसायिक उन्नति की ओर बढ़ा जा सकता है.

Read more

Local News