देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय आइस स्पोर्ट्स प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए तैयार है। Asian Open Short Track Speed Skating Trophy 2026 का आयोजन 17 से 20 अगस्त तक महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित हिमाद्री आइस रिंक में किया जाएगा।
आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ISAI) के मुताबिक, भारत लगातार दूसरी बार इस एशियाई प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है। प्रतियोगिता में भारत समेत 14 देशों के 270 से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनके अलावा करीब 100 से अधिक कोच, रेफरी और अन्य तकनीकी अधिकारी भी आयोजन से जुड़े रहेंगे।
14 देशों के खिलाड़ी दिखाएंगे हुनर
प्रतियोगिता में भारत के अलावा हांगकांग, थाईलैंड, वियतनाम, फिलीपींस, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, मंगोलिया, मलेशिया, चीनी ताइपे, इंडोनेशिया, उज्बेकिस्तान, चीन और दक्षिण कोरिया के खिलाड़ी भाग लेंगे।
आयोजकों का कहना है कि इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधित्व के कारण यह भारत में होने वाली प्रमुख शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग प्रतियोगिताओं में शामिल होगी।
कई आयु वर्गों में होंगे मुकाबले
चैंपियनशिप में पुरुष और महिला खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग आयु वर्ग रखे गए हैं। सीनियर वर्ग के साथ जूनियर ए से जूनियर एफ तक विभिन्न कैटेगरी में मुकाबले होंगे।
सीनियर, जूनियर ए और जूनियर बी वर्ग में 500, 1000 और 1500 मीटर की रेस आयोजित की जाएगी। जूनियर सी में 500, 777 और 1000 मीटर, जबकि जूनियर डी में 333, 500 और 777 मीटर की स्पर्धाएं होंगी।
जूनियर ई वर्ग में 333 और 500 मीटर तथा जूनियर एफ में 222 और 333 मीटर की रेस रखी गई है।
रिले और मिक्स्ड रिले भी प्रतियोगिता का हिस्सा
व्यक्तिगत स्पर्धाओं के अलावा विभिन्न वर्गों में रिले मुकाबले भी होंगे। सीनियर, जूनियर ए और जूनियर बी में पुरुषों के लिए 5000 मीटर तथा महिलाओं के लिए 3000 मीटर रिले आयोजित की जाएगी।
इसी के साथ दो पुरुष और दो महिला खिलाड़ियों वाली 2000 मीटर मिक्स्ड रिले भी होगी। जूनियर सी और डी के संयुक्त वर्ग में भी 2000 मीटर मिक्स्ड रिले का आयोजन किया जाएगा।
14 अगस्त से शुरू होगी खिलाड़ियों की गतिविधियां
मुख्य प्रतियोगिता 17 अगस्त से शुरू होगी, लेकिन इससे पहले खिलाड़ियों के लिए अभ्यास और अन्य आधिकारिक कार्यक्रम होंगे।
- 14-15 अगस्त: आधिकारिक अभ्यास और फ्री आइस टाइम
- 16 अगस्त: अभ्यास, एक्रिडिटेशन और टीम लीडर्स मीटिंग
- 17 अगस्त: उद्घाटन समारोह और प्रतियोगिता का पहला दिन
- 18 अगस्त: दूसरे दिन के मुकाबले और पुरस्कार समारोह
- 19 अगस्त: तीसरे दिन की स्पर्धाएं और पुरस्कार वितरण
- 20 अगस्त: अंतिम मुकाबले, पुरस्कार वितरण और समापन समारोह
अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता से भारतीय खिलाड़ियों को मिलेगा अनुभव
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता को Asian Skating Union (ASU) की मंजूरी और International Skating Union (ISU) का अनुमोदन प्राप्त है। इसका उद्देश्य भारतीय खिलाड़ियों को घरेलू मैदान पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ मुकाबला करने का अनुभव देना है।
ISAI का मानना है कि इस तरह के आयोजन से भारतीय स्केटर्स को भविष्य की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी करने का अवसर मिलेगा।
उत्तराखंड के खेल और पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों, कोचों, अधिकारियों और सपोर्ट स्टाफ समेत बड़ी संख्या में लोगों के देहरादून पहुंचने की उम्मीद है। इससे स्थानीय खेल गतिविधियों के साथ पर्यटन क्षेत्र को भी फायदा मिलने की संभावना है।
आयोजकों के मुताबिक, इस तरह के अंतरराष्ट्रीय आयोजन उत्तराखंड की पहचान को विंटर स्पोर्ट्स से जोड़ने में भी मदद कर सकते हैं।
दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क
हिमाद्री आइस रिंक में होने वाली प्रतियोगिता देखने के लिए दर्शकों से कोई प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाएगा। प्रतियोगिता का ऑनलाइन लाइव प्रसारण भी किए जाने की जानकारी दी गई है, जिससे देश-विदेश के दर्शक मुकाबलों को देख सकेंगे।
ISAI अध्यक्ष डॉ. अमिताभ शर्मा ने कहा कि भारत में लगातार दूसरी बार Asian Open की मेजबानी होना देश और उत्तराखंड के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनके मुताबिक, चीन और दक्षिण कोरिया समेत प्रमुख एशियाई देशों की भागीदारी भारतीय शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग के लिए बढ़ती अंतरराष्ट्रीय रुचि को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के जरिए भारतीय खिलाड़ियों को अपने देश में ही मजबूत अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलेगा, जो भविष्य में बड़े वैश्विक आयोजनों की तैयारी में उपयोगी साबित हो सकता है।
