धनबाद: त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट और असुरक्षित सामग्री के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को विभाग की टीम ने धनबाद के हीरापुर हटिया मोड़ स्थित बाजार में छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और दुकानों में साफ-सफाई की जांच की। इस दौरान चाट के कुछ ठेलों पर इस्तेमाल किए जा रहे रंग को लेकर संदेह सामने आया।
चाट में मिले रंग की हो रही जांच
धनबाद के फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. अजय कुमार ने बताया कि जांच के दौरान चाट के कुछ ठेलों पर चंपई रंग पाया गया है। अब इसकी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस्तेमाल किया जा रहा रंग खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप है या नहीं।
उन्होंने बताया कि रंग की मौजूदगी के आधार पर अभी उसे असुरक्षित घोषित नहीं किया गया है। जांच के बाद ही इसकी गुणवत्ता और उपयुक्तता को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मौके पर पहुंची मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए रांची से मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब की टीम धनबाद पहुंची है। इस लैब की मदद से मौके पर ही खाद्य सामग्री की जांच की जा रही है, जिससे संदिग्ध खाद्य पदार्थों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
त्योहारों तक जारी रहेगा जांच अभियान
डॉ. अजय कुमार के अनुसार, त्योहारों के मौसम में जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में जांच अभियान लगातार चलाया जाएगा। जहां मेले आयोजित होंगे और खाद्य प्रतिष्ठान संचालित किए जाएंगे, वहां खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग का उद्देश्य मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाना तथा लोगों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना है। ऐसे में त्योहारों के दौरान खाद्य सामग्री बेचने वाले दुकानदारों और ठेला संचालकों की जांच पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
BHARATSUPERFASTNEWS
