तेलुगु सुपरस्टार राम चरण अपनी आने वाली फिल्म ‘पेद्दी’ में व्यस्त हैं. हाल ही में वे फिल्म का एक गाना लॉन्च किया गया. इस लॉन्च इवेंट में पेद्दी की टीम शामिल हुई थी. इवेंट के दौरान हुई कुछ अजीब गलतियों की वजह से एक्टर राम चरण अचानक सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बन गए, जिसके बाद सोशल मीडिया पर खुद आकर उन्होंने सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी.
राम चरण ने 24 मई की आधी रात करीब 1 बजे के आसपास अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर एक पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने इवेंट के दौरान हुए ब्लंडर के लिए सार्वजनिक तौर पर सब से माफी मांगी. उन्होंने पोस्ट में सफाई भी दी कि उनसे कैसे ये गलती हो गई.
आरआरआर स्टार ने अपने एक्स हैंडल पोस्ट में लिखा है, ‘उफ… मैं सच में कभी-कभी नाम भूलने के मामले में बहुत ही भूलक्कड़ हूं. इस गड़बड़ी के लिए जसप्रीत बुमराह जी से माफी चाहता हूं. यह सारी एक्साइटमेंट और भीड़ के बीच हुई एक सच्ची मानवीय भूल थी. मैं सच में आपकी बहुत इज्जत करता हूं.’
राम चरण ने ये भी कहा कि वे बुमराह का बहुत बड़े फैन हैं. अपने पोस्ट में उन्होंने आगे लिखा है, ‘और आपके खेल का बहुत बड़ा फैन हूं. जब आप लगातार बल्लेबाजों को बैकफ़ुट पर धकेलते हैं, तो आप हर भारतीय को गर्व महसूस कराते हैं.’
राम चरण की बुमराह वाली चूक
राम चरण अपनी आने वाली स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म ‘पेद्दी’ के म्यूजिक लॉन्च में शामिल हुए थे. इस इवेंट में ए.आर. रहमान, जाह्नवी कपूर और दिव्येंदु जैसे कई मशहूर सितारे मौजूद थे. इवेंट के दौरान, आरआरआर के इस सुपरस्टार से मशहूर क्रिकेटरों के बारे में एक शब्द में बताने को कहा गया. सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, रोहित शर्मा और एम.एस. धोनी के बारे में तो राम चरण ने बिल्कुल सही बताया, लेकिन जसप्रीत बुमराह के मामले में वे चूक गए.
सभी को संबोधित करते हुए राम चरण ने कहा, ‘जसप्रीत बुमराह जी, मैं आपका सबसे बड़ा फैन हूं. मुझे फ़ुटबॉल बहुत पसंद है और आप फ़ुटबॉल को इतना आगे बढ़ा रहे हैं, मुझे यह बहुत अच्छा लगा सर.’ इस बातचीत के क्लिप्स तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गए. फैंस ने मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं और कमेंट सेक्शन को जोक्स और मीम्स से भर दिया. इस मजाकिया बातचीत ने ‘पेद्दी’ के प्रमोशन्स में एक और वायरल पल जोड़ दिया और क्रिकेट और सिनेमा, दोनों के फैंस का ध्यान अपनी ओर खींचा.
‘पेद्दी’ के बारे में
‘पेद्दी’ एक स्पोर्ट्स ड्रामा है, जिसमें एक ऐसे आदमी की कहानी दिखाई गई है जो खेल के जरिए अपनी पहचान की तलाश करता है. ‘पेद्दी’ को बुची बाबू सना ने लिखा और डायरेक्ट किया है. इसे वृधि सिनेमाज़ के बैनर तले वेंकट सतीश किलारू ने प्रोड्यूस किया है.
इसमें राम, जाह्नवी कपूर, शिवा राजकुमार, दिव्येंदु और जगपति बाबू जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में हैं. इस फ़िल्म में राम को क्रिकेट, कुश्ती और दौड़ते हुए देखा जाएगा. यह फिल्म 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.


