Monday, June 8, 2026

हजारीबाग में वीर सपूत शहीद विद्यानंद सिंह की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया.

Share

हजारीबाग: मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूत कारगिल शहीद विद्यानंद सिंह की स्मृति में रविवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. कारगिल पेट्रोल पंप के निकट कार्यक्रम का आयोजन किया गया . कार्यक्रम में शहीद को श्रद्धांजलि दी गई. कैसे इन्होंने देश के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी, इसकी जानकारी लोगों को दी गई.

लोगों ने शहीद की वीरता को किया याद

कारगिल युद्ध में शहीद हुए बिहार रेजिमेंट के वीर जवान विद्यानंद सिंह का 27वां शहादत दिवस रविवार को कारगिल प्वाइंट में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया. इस अवसर पर शहीद की वीरता को याद करते हुए उपस्थित लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. समारोह में मुख्य अतिथि नगर निगम के महापौर अरविंद कुमार राणा शहीद के परिजन समेत हजारीबाग के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.

महापौर अरविंद कुमार राणा ने बताया कि विद्यानंद सिंह ने 17 हजार फीट की ऊंचाई पर दुश्मन की घेराबंदी को तोड़ते हुए तीन पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया था. उन्होंने भारतीय सेना के अनुशासन की सराहना की. शहीद विद्यानंद सिंह के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि सेना में जाना गर्व की बात है. शहीद विद्यानंद सिंह की बहादुरी के लिए उन्हें वीर चक्र और सेना मेडल से सम्मानित किया गया था.

युवा पीढ़ी के लिए आदर्श है शहीद विद्यानंद सिंह का व्यक्तित्व: प्राचार्य डॉ. विमल रेवन

कार्यक्रम में संत कोलंबस कॉलेज की प्राचार्य डॉ. विमल रेवन ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों का उद्देश्य केवल ज्ञान प्रदान करना नहीं बल्कि विद्यार्थियों में राष्ट्र के प्रति निष्ठा और समर्पण की भावना भी जगाना है. शहीद विद्यानंद सिंह का व्यक्तित्व युवा पीढ़ी के लिए एक आदर्श है, जो हमें विपरीत परिस्थितियों में भी अडिग रहने की प्रेरणा देता है. समारोह के अंत में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले विभूतियों को गौरव सम्मान से नवाजा गया.

Read more

Local News