हजारीबाग: भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर इसे विकास, जनकल्याण और सुशासन का एक शानदार सफर बताया है. इस अवसर पर पार्टी ने देशभर में विशेष अभियान चलाकर सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा है.
इन्हीं उपलब्धियों को बताने के लिए रांची से हजारीबाग, भाजपा के मुख्य सचेतक सह हटिया विधायक नवीन जायसवाल पहुंचे. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की एनडीए सरकार ने पिछले 12 वर्षों में सुशासन, विकास, गरीब कल्याण, राष्ट्रीय सुरक्षा और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया है. उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी लगातार 4399 दिनों से अधिक समय तक देश के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देकर एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित कर चुके हैं.
पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है: नवीन जायसवाल
विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि भारत ने आधारभूत संरचना, डिजिटल तकनीक, रेलवे, सड़क, हवाई संपर्क और संचार के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा लगातार बढ़ी है. जी-20 शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक मान्यता और विश्व मंच पर भारत की मजबूत उपस्थिति इसका प्रमाण है. उन्होंने कहा कि झारखंड को भी केंद्र सरकार ने रेलवे, सड़क, एयरपोर्ट, एकलव्य मॉडल विद्यालय, धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना, एम्स की सौगात दिए हैं.
वहीं सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सैकड़ों परिवारों को सिर ढकने के लिए पक्का मकान दिया गया. गरीबों को अस्पताल में उपचार के लिए 5 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा और आयुष्मान भारत योजना शुरू की गई. नए उद्यमियों के लिए मुद्रा योजना, युवाओं के लिए स्टार्टअप योजना और भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने की दिशा में किए गए कामों ने देश को नई पहचान दी है.


