हजारीबाग: जिले में सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने और स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में जिला स्तरीय मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला प्रशासन की देखरेख में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चला।
शिविर में सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवाओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया। आयोजन के दौरान रक्तदाताओं को रक्तदान के महत्व और इससे जुड़ी आवश्यक जानकारियां भी दी गईं।
प्रशासन के अनुसार, शिविर का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों, आपातकालीन सर्जरी, थैलेसीमिया, कैंसर तथा अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए समय पर सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही समाज में नियमित स्वैच्छिक रक्तदान की संस्कृति को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों से समय-समय पर रक्तदान करने की अपील की गई, ताकि जरूरत पड़ने पर ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त उपलब्ध रहे। जिला प्रशासन ने शिविर में रक्तदान करने वाले सभी स्वयंसेवी रक्तदाताओं और आयोजन में सहयोग देने वाली संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
