रांचीः ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों में आयोजित होने वाली पश्चिम बंगाल सिविल सेवा परीक्षा को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों एवं परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रांची-हावड़ा-रांची परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. यह विशेष ट्रेन 13 और 14 जून को दोनों दिशाओं में संचालित की जाएगी.
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 08616 रांची-हावड़ा परीक्षा स्पेशल 13 जून 2026 (शनिवार) को रांची से रात 9:30 बजे प्रस्थान करेगी. यह ट्रेन मूरी, झालिदा, बोकारो स्टील सिटी, भोजूडीह, आद्रा, बांकुड़ा, बिष्णुपुर, मेदिनीपुर और खड़गपुर स्टेशनों पर ठहराव करते हुए अगले दिन सुबह 6:30 बजे हावड़ा पहुंचेगी.
वहीं, ट्रेन संख्या 08615 हावड़ा-रांची परीक्षा स्पेशल 14 जून 2026 (रविवार) को हावड़ा से रात 8:45 बजे रवाना होगी. यह ट्रेन खड़गपुर, मेदिनीपुर, बिष्णुपुर, बांकुड़ा, आद्रा, भोजूडीह, बोकारो स्टील सिटी, झालिदा और मूरी स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन सुबह 5:15 बजे रांची पहुंचेगी.
रेलवे ने बताया कि इस विशेष ट्रेन में कुल 19 कोच लगाए जाएंगे. इनमें 2 एसएलआरडी कोच, 4 सामान्य श्रेणी के कोच और 13 द्वितीय श्रेणी स्लीपर कोच शामिल हैं. इससे बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों और यात्रियों को यात्रा में सुविधा मिलेगी.
श्रेया सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम), रांची रेल मंडल ने कहा, पश्चिम बंगाल सिविल सेवा परीक्षा के दौरान यात्रियों और परीक्षार्थियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रांची-हावड़ा-रांची परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है. इस विशेष ट्रेन के परिचालन से अभ्यर्थियों के साथ-साथ आम यात्रियों को भी यात्रा में सुविधा मिलेगी और नियमित ट्रेनों पर दबाव कम होगा.


