सावन मास हिन्दू पंचांग का एक अत्यंत शुभ महीना माना जाता है, जो इस वर्ष 11 जुलाई 2025 से शुरू होकर 9 अगस्त तक चलेगा. यह पूरा महीना शिव भक्ति के लिए समर्पित होता है, जिसमें भक्त सोमवार व्रत रखते हैं और शिवलिंग पर जलाभिषेक, रुद्राभिषेक आदि पूजन करते हैं. इस समय भक्ति भाव के साथ-साथ संयम और शुद्धता का भी विशेष ध्यान रखा जाता है.
क्या सावन में मांसाहार करना पाप है?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सावन के महीने में मांसाहार करना अशुभ और वर्जित माना गया है. इस मास में किसी भी जीव की हत्या को पाप समझा जाता है क्योंकि यह महीना ईश्वर भक्ति, तप, संयम और आत्मशुद्धि का समय होता है. मांस-मछली जैसे तामसिक आहार से मन अशांत होता है और पूजा में मन नहीं लग पाता, जिससे साधना विफल हो सकती है.
मांसाहारी भोजन से कैसे भटकती है पूजा से एकाग्रता?
तामसिक भोजन, जैसे मांसाहार, मानसिक रूप से क्रोध, आलस्य, भ्रम और चंचलता को बढ़ाता है. इस कारण पूजा के दौरान व्यक्ति की एकाग्रता भंग हो जाती है. यहां तक कि यदि पूजा करने वाला व्यक्ति मांस न खाए लेकिन घर में वह पका हो, तो भी उसकी साधना प्रभावित हो सकती है.
वैज्ञानिक दृष्टिकोण: क्यों न खाएं मांस सावन में?
सावन वर्षा ऋतु का महीना होता है, जब वातावरण में नमी अधिक होती है. इस मौसम में मांस-मछली जल्दी सड़ने लगते हैं, जिनमें बैक्टीरिया और फंगस पनप सकते हैं. इनका सेवन करने से फूड पॉइजनिंग, पेट की बीमारियाँ और संक्रमण की संभावना बढ़ जाती है. साथ ही, बरसात में पाचन क्षमता कमजोर हो जाती है, जिससे भारी भोजन पचाना मुश्किल हो जाता है.
स्वास्थ्य और भक्ति दोनों के लिए लाभदायक है सात्त्विक आहार
सावन में सात्त्विक भोजन और संयमित दिनचर्या केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि एक वैज्ञानिक तरीका है शरीर और मन को शुद्ध रखने का. फल, दूध, मौसमी सब्जियाँ और हर्बल पेय न केवल शरीर को हल्का रखते हैं बल्कि मानसिक रूप से भी आपको ऊर्जा से भरते हैं, जिससे आपकी पूजा और ध्यान गहराते हैं.
संयम से ही प्राप्त होती है शिव कृपा
चाहे धार्मिक दृष्टिकोण से देखें या वैज्ञानिक, सावन मास में मांसाहार से दूरी बनाना हर तरह से लाभकारी है. यह मास केवल उपवास या अनुष्ठान का समय नहीं, बल्कि आत्मनिरीक्षण, संयम और आध्यात्मिक उन्नति का अवसर है. ऐसे में शुद्धता, आस्था और सात्त्विकता के साथ सावन का पालन करना ही शिव कृपा का सबसे सच्चा मार्ग है.


