Tuesday, May 5, 2026

सर्दियों में कोहरे के कारण पूर्व मध्य रेलवे ने 1 दिसंबर, 2025 से 28 फरवरी, 2026 तक कई ट्रेनों को रद कर दिया है

Share

सर्दियों में कोहरे के कारण पूर्व मध्य रेलवे ने 1 दिसंबर, 2025 से 28 फरवरी, 2026 तक कई ट्रेनों को रद कर दिया है और कुछ के फेरे कम कर दिए हैं। कुल 24 जोड़ी ट्रेनें रद्द की गई हैं, जिनमें प्रयागराज-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस जैसी कई लंबी दूरी की गाड़ियां शामिल हैं। कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से भी रद्द किया गया है। यात्रियों को यात्रा से पहले समय सारणी जांचने की सलाह दी गई है।

पटना। सर्दियों (Winter 2025) में पड़ने वाले भीषण कोहरे को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों की संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ट्रेनों के परिचालन में व्यापक बदलाव किए हैं। एक दिसंबर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक कई ट्रेनों को पूरी तरह रद (Train Cancel) कर दिया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों की आवृत्ति घटाई गई है।

इसके अलावा कुछ ट्रेनें आंशिक रूप से भी रद रहेंगी। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने इसकी जानकारी दी। रेलवे प्रशासन ने सभी बदलावों की विस्तृत सूची जारी कर यात्रियों से यात्रा से पूर्व समय सारणी अवश्य जांचने की अपील की है।

पूरी तरह रद की गई ट्रेनें

रेलवे ने कोहरे की अधिकता वाले तीन महीनों में कुल 24 जोड़ी ट्रेनों को पूर्ण रूप से रद किया है। इनमें प्रयागराज–मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस, वीरांगना लक्ष्मीबाई–कोलकाता एक्सप्रेस, उपासना एक्सप्रेस, मालदा टाउन–नई दिल्ली एक्सप्रेस, हरिहर एक्सप्रेस, जनसेवा एक्सप्रेस, डिब्रूगढ़–चंडीगढ़ एक्सप्रेस, कामाख्या–गया एक्सप्रेस, कामाख्या–आनंद विहार एक्सप्रेस, हटिया–आनंद विहार एक्सप्रेस, संतरागाछी–आनंद विहार एक्सप्रेस, टाटा–अमृतसर एक्सप्रेस समेत कई लंबी दूरी की ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों को अलग-अलग तिथियों पर एक दिसंबर से चरणबद्ध तरीके से रद किया जाएगा।

इन ट्रेनों के फेरे होंगे कम

कई महत्वपूर्ण मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन के दिनों में कटौती की गई है। ग्वालियर–बरौनी एक्सप्रेस, अजमेर–सियालदह एक्सप्रेस, हावड़ा–काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस, कोलकाता–अमृतसर एक्सप्रेस, गरीबरथ एक्सप्रेस, नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस, सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस, न्यू जलपाईगुड़ी–नई दिल्ली एक्सप्रेस, अवध आसाम एक्सप्रेस, पाटलिपुत्र–लखनऊ एवं गोरखपुर रूट की एक्सप्रेस ट्रेनें सप्ताह के निर्धारित दिनों में रद रहेंगी। यह व्यवस्था दिसंबर से फरवरी तक लागू रहेगी।

आंशिक रूप से रद ट्रेनें

दो प्रमुख ट्रेनों — हावड़ा–मथुरा चंबल एक्सप्रेस (12177) और मथुरा–हावड़ा चंबल एक्सप्रेस (12178) को आंशिक रूप से रद किया गया है। ये ट्रेनें आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन के बीच निर्धारित अवधि में नहीं चलेंगी।

Read more

Local News