भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं को पंगु बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि लोकायुक्त महिला आयोग और सूचना आयोग जैसे महत्वपूर्ण पदों पर वर्षों से नियुक्तियां नहीं हुई हैं जिससे भ्रष्टाचार विरोधी कार्रवाई बाधित है। मरांडी ने तत्काल इन पदों पर नियुक्ति की मांग की है ताकि संबंधित कार्यों को सही तरीके से किया जा सके।
रांची। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर कहा कि हेमंत सोरेन सरकार राज्य की संवैधानिक संस्थाओं को पंगु बनाकर रखी हुई है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में मरांडी ने कहा कि ऐसी सारी संवैधानिक संस्थाएं जो राज्य सरकार के कामकाज, गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार पर नजर रखती है, वहां पद खाली पड़े हैं।
लोकायुक्त, महिला आयोग, सूचना आयोग, उपभोक्ता फोरम जैसी महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्थाओं में वर्षों से अध्यक्ष और सदस्य के पद खाली हैं। कहीं अध्यक्ष हैं तो सदस्य नहीं, कहीं न अध्यक्ष हैं न सदस्य।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पहले राज्य सरकार नेता प्रतिपक्ष नहीं होने का बहाना बनाती थी, जबकि सच्चाई है कि भाजपा ने समय पर नेता चुनकर दिया है। हेमंत सरकार की नीयत साफ नहीं है।
सरकार अपनी नाकामियों, विफलताओं, भ्रष्टाचार को उजागर नहीं होने देना चाहती। राज्य में सूचना आयुक्त का पद खाली है, महिला आयोग में 2020 से ही अध्यक्ष और सदस्य का पद खाली है, जिसमें 5000 से अधिक मामले लंबित हैं।
लोकायुक्त के नहीं रहने से न तो कोई शिकायत दर्ज हो रही, न कोई भ्रष्टाचार विरोधी कार्रवाई हो रही है। मरांडी ने मांग किया कि अविलंब सूचना आयुक्त, महिला आयोग, लोकायुक्त जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्थाओं के अध्यक्ष, सदस्यों की नियुक्ति की जाए।