Wednesday, November 25, 2026

संविधान दिवस पर 26 नवंबर को झारखंड के स्कूलों में होंगे विशेष कार्यक्रम

Share

हजारीबाग। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को झारखंड के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में विशेष शैक्षणिक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, उसके मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।

इस संबंध में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के प्रशासी पदाधिकारी ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और जिला शिक्षा अधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निर्देश के अनुसार, कक्षा एक से 12वीं तक के सभी विद्यालयों में सुबह की प्रार्थना सभा के दौरान भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया जाएगा।

पोस्टर, चित्रकला और कोलाज प्रतियोगिताएं होंगी आयोजित

कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को संविधान सभा के सदस्यों के व्यक्तित्व, विचारों और संविधान निर्माण में उनके योगदान की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही विद्यालयों में पोस्टर निर्माण, चित्रकला और कोलाज प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

विद्यार्थियों को संविधान की भावना से जुड़े बुकमार्क और बैज तैयार करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके अलावा बच्चों को संविधान के ऐतिहासिक विकास और इसके निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले महापुरुषों के योगदान से परिचित कराया जाएगा।

हर जिले में नामित होंगे नोडल पदाधिकारी

शिक्षा विभाग ने कार्यक्रमों के बेहतर संचालन और निगरानी के लिए प्रत्येक जिले में नोडल पदाधिकारी नामित करने का निर्देश दिया है। विद्यालयों में आयोजित गतिविधियों की तस्वीरें, वीडियो और विद्यार्थियों की सहभागिता से संबंधित आंकड़े निर्धारित गूगल ट्रैकर पर अपलोड करने को भी कहा गया है।

विभाग ने सभी विद्यालयों को संविधान दिवस गरिमामय और उत्साहपूर्ण माहौल में मनाने का निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व की भावना को मजबूत करना है।

Read more

Local News