रांची: झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन और शहीद निर्मल महतो को राजकीय सम्मान दिए जाने की मांग दोहराई है। संगठन के संस्थापक प्रधान सचिव पुष्कर महतो ने कहा कि झारखंड आंदोलन में दोनों नेताओं के योगदान को देखते हुए राज्य सरकार को उन्हें औपचारिक राजकीय सम्मान प्रदान करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि संगठन की ओर से 4 अगस्त को दिशोम गुरु शिबू सोरेन तथा 8 अगस्त को शहीद निर्मल महतो की पुण्यतिथि के अवसर पर राज्य के विभिन्न जिलों में श्रद्धांजलि और स्मृति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रमों के तहत दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल में गुमला जिले के बसिया प्रखंड में श्रद्धांजलि सभा और सम्मेलन आयोजित होगा। वहीं, संताल परगना क्षेत्र के जामताड़ा में फुटबॉल प्रतियोगिता तथा पाकुड़ के अमड़ापाड़ा में शिबू सोरेन के जीवन और योगदान पर आधारित विशेष कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। पलामू प्रमंडल में पलामू और चतरा में भी श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया जाएगा।
इसके अलावा रांची, खूंटी, लोहरदगा, सिमडेगा, गढ़वा, लातेहार, हजारीबाग, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, कोल्हान सहित कई अन्य जिलों में भी स्मरण कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की गई है।
पुष्कर महतो ने झारखंड आंदोलन से जुड़े लोगों और आम नागरिकों से इन आयोजनों में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य के निर्माण में योगदान देने वाले नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ झारखंड आंदोलन के मूल आदर्शों और राज्यवासियों के अधिकारों की रक्षा के प्रति सामूहिक संकल्प भी लिया जाएगा।
