शाओमी इंडिया के लिए यह साल यानी 2026 कई मायनों में काफी अहम साबित हो रहा है. एक तरफ कंपनी पिछले एक दशक की सबसे बड़ी रणनीतिक छलांग लगाने जा रही है, तो दूसरी तरफ कंपनी के चीफ मार्केटिंग ऑफिसर अनुज शर्मा आठ साल बाद कंपनी से विदा हो रहे हैं. यह दोनों ख़बर एक ही क्लोज्ड डोर मीडिया मीटिंग में सामने आईं, जिसमें कंपनी के सीनियर लीडरशिप ने आगे की स्ट्रैटेजी और लीडरशिप बदलाव को लेकर खुलकर बात की.
लार्ज अप्लायंसेज में शाओमी की एंट्री
शाओमी इंडिया ने जुलाई 2014 MI 4 स्मार्टफोन के साथ भारतीय मार्केट में शुरुआत की थी. उस वक्त से लेकर अभी तक कंपनी ने स्मार्टफोन, टैबलेट, स्मार्ट टीवी, TWS, वियरेबल्स और कुछ आईओटी प्रोडक्ट्स तक अपना पोर्टफोलियो बढ़ाया, लेकिन कभी भी लार्ज अप्लायंसेज सेगमेंट में कदम नहीं रखा.
अब कंपनी ने साफ कर दिया है कि साल 2026 की दूसरी छमाही यानी जून 2026 के बाद से वो लार्ज अप्लायंसेज के सेगमेंट में भी एंट्री करने जा रही है. शाओमी इंडिया के सीओओ सुधीन माथुर ने बताया कि कंपनी फिलहाल इन प्रोडक्ट्स की टेस्टिंग कर रही है, हालांकि अभी पहले प्रोडक्ट को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है. सुधीन ने यह भी कहा कि कंपनी का फोकस लोकलाइज्ड मैन्युफैक्चरिंग पर रहेगा, ठीक उसी तरह जैसे साउथ-ईस्ट एशिया में किया गया था, जो चीन के बाहर कंपनी का पहला बाजार था जहां अप्लायंसेज लॉन्च किए गए थे.
अलेक्जेंडर टैंग को मिली बड़ी जिम्मेदारी
अलेक्जेंडर टैंग शाओमी की इस पूरी नई स्ट्रैटेजी के सबसे अहम हिस्से रहे. उन्हें हाल ही में शाओमी इंडिया का नया हेड बनाया गया है. वो पहले साउथ-ईस्ट एशिया रीज़न को लीड कर रहे थे, जिसमें फिलीपींस, मलेशिया और सिंगापुर जैसे पांच इंटरनेशनल मार्केट शामिल थे. सुधीन के मुताबिक, अलेक्जेंडर ने उन बाजारों को सिर्फ मोबाइल फोन मार्केट से आगे बढ़ाकर होम अप्लायंसेज तक पहुंचाया था और अब उनका वही अनुभव भारत में भी काम आएगा. इसमें खास बात यह है कि अब भारत को साउथ एशिया रीजन का हेडक्वार्टर भी बनाया जाएगा और अलेक्जेंडर इस पूरे रीजन के जनरल मैनेजर के तौर पर काम करेंगे.
कंपनी के सीएमओ अनुज शर्मा ने इस मौके पर बताया कि शाओमी पहले भी एयर प्यूरीफायर जैसे प्रोडक्ट्स बना चुकी है, लेकिन उसमें वो कॉन्फिडेंस और स्केल नहीं था, जो अब लार्ज अप्लायंसेज में दिखाने की तैयारी है. उन्होंने यह भी बताया कि पिछले साल कंपनी ने अपनी स्मार्टवॉच को लोकलाइज किया था, जो भारत में बनने वाला पहला शाओमी वियरेबल था और अब एयर प्यूरीफायर की लोकलाइजेशन भी पूरी हो चुकी है.
इसके बारे में सुधीन कहना है कि नए अप्लायंसेज सिर्फ प्रोडक्ट डिजाइन में नहीं बल्कि सर्विस डिलिवरी में भी बाकी ब्रांड्स से अलग दिखेंगे, क्योंकि मौजूदा समय में इस सेगमेंट के ज्यादातर ब्रांड्स के पास मजबूत सर्विस नेटवर्क नहीं है.
आठ साल बाद अनुज शर्मा की विदाई
इसी मीटिंग में अनुज शर्मा ने अपने जाने का भी ऐलान किया. उन्होंने बताया कि यह फैसला उन्होंने काफी पहले ले लिया था, लेकिन इसे शेयर करने का सही समय अब आया है. आपको बता दें कि अनुज ने 23 नवंबर 2018 को शाओमी इंडिया जॉइन किया था और अब इसी जून 2026 को वो शाओमी इंडिया को छोड़े देंगे. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि जब वे जुड़े थे तब उनके बाल काले थे, और इन आठ सालों में काफी कुछ बदल गया है. अनुज ने यह भी साफ किया कि वो कंपनी के शेयर अब भी होल्ड कर रहे हैं. इसका मतलब है कि अनुज को अपने जाने के बाद सुधीन और संदीप की लीडरशिप में चल रही शाओमी की फ्यूचर प्लानिंग पर पूरा भरोसा है.
अनुज ने अपने पहले दिन की एक दिलचस्प कहानी भी शेयर की. उनके जॉइन करने वाले दिन ही Redmi Note 6 Pro की सेल शुरू हुई थी और रात साढ़े आठ बजे तक 6 लाख 25 हजार यूनिट्स बिक चुकी थीं, जिसे मीडिया तक भेजने से पहले उन्हें खुद अप्रूव करना था. उसके बाद साल 2020 में अनुज ने पोको ब्रांड को एक स्वतंत्र और प्रॉफिटेबल यूनिट के तौर पर खड़ा करने की जिम्मेदारी संभाली थी, और 2022 में मनु जैन के जाने के बाद वो फिर से शाओमी में लौट आए. उस वक्त कंपनी कई एग्जिक्यूटिव बदलावों से गुजर रही थी. उन्होंने टीम के भरोसे और प्रोडक्ट आइडेंटिटी को फिर से मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई. जाते-जाते उन्होंने गौतम, रितिज और संदीप जैसे नए चेहरों का नाम लेकर भरोसा जताया कि आगे की लीडरशिप मजबूत हाथों में है.
प्रीमियम सेगमेंट में मजबूत हुई शाओमी
इस मौके पर शाओमी इंडिया के सीबीओ संदीप सिंह अरोड़ा ने 2026 की पहली छमाही के बिजनेस रिकॉर्ड्स भी शेयर किए. उनके मुताबिक, इस साल कंपनी का एवरेज सेलिंग प्राइस करीब 36% बढ़ा है, जबकि 35 हजार से 50 हजार रुपये वाले मिड-प्रीमियम सेगमेंट में 212% की ग्रोथ दर्ज हुई है. जून में ही कंपनी Xiaomi 17T और Redmi Turbo 5 जैसे फोन्स को भारत में लॉन्च किया है, जो इसी प्राइस रेंज को टारगेट करते हैं.
इसके अलावा टीवी और टैबलेट सेगमेंट में भी प्रीमियम पोर्टफोलियो की तरफ शिफ्ट साफ नजर आ रहा है और इस साल कंपनी ने दो मिनी एलईडी टीवी सीरीज भी लॉन्च की हैं. अब कंपनी लार्ज अप्लायंसेज यानी फ्रिज, रेफ्रिजेटर, वॉशिंग मशीन आदि आइटम्स भी बड़े स्तर पर बनाने और बेचने वाली है. ऐसे में अब शाओमी भारत के लार्ज अप्लायंसेज सेक्टर में भी Samsung, LG, Godrej, Whirlpool, Haier जैसे ब्रांड्स को कड़ी टक्कर दे सकती है.
