Tuesday, June 16, 2026

वैभव सूर्यवंशी ने गेंदबाजों पर मनोवैज्ञानिक बढ़त बनाना शुरू कर दिया है.

Share

वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी देखकर हर कोई हैरान है. दर्शकों से लेकर कमेंटेटर तक हर कोई वैभव को स्पेशल टैलेंट करार दे रहा है. वहीं दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन का मानना ​​है कि वैभव ने गेंदबाजों पर मनोवैज्ञानिक बढ़त बनाना शुरू कर दिया है. जिसकी वजह से जसप्रीत बुमराह जैसा गेंदबाज भी गलती करने पर मजबूर हो गया.

स्टेन का मानना ​​है कि इस युवा खिलाड़ी की आक्रामक छवि का असर गेंदबाजों पर उसके खिलाफ गेंदबाजी करने के तरीके पर साफ दिख रहा है. जैसे कल के मैच में बुमराह की पहली गेंद से जाहिर हुआ. जब उन्होंने अपनी पहली ही गेंद वैभव के स्लॉट में ही डाल दी, जिस पर वो मिड ऑन पर छक्का खा गए.

स्टेन ने ईएसपीएन क्रिकइंफो से कहा, ‘मुझे लगता है कि उसने यही किया है. सच कहूं तो, उसने गेंदबाजों के मन में यह डर पैदा कर दिया है कि वह उन्हें बाउंड्री के लिए मारेगा.’
उन्होंने कहा, ‘बुमराह की वह गेंद, बिल्कुल ‘स्लॉट’ में थी. बुमराह के साथ ऐसा बहुत कम होता है. इसलिए बुमराह जैसा महान गेंदबाज भी अपने मन में कहीं न कहीं यह सोच रहा था कि गलती मत करना, क्योंकि अगर मैंने गलती की, तो यह लड़का मुझे छक्के के लिए मारेगा.’

स्टन ने कहा, ‘अगर आप इस तरह सोचते हैं, तो ज्यादातर मामलों में आप गलती कर ही बैठते हैं. आप देख सकते हैं कि जब उसने बुमराह को छक्का मारा, तो उसके बाद बुमराह लगभग हंसने ही वाले थे और उनके मन में यह बात चल रही थी, ‘मुझे पता था कि अगर मैंने गलती की तो ऐसा ही होगा, और ठीक वैसा ही हुआ.’

स्टेन का मानना ​​है कि सूर्यवंशी किसी से नहीं डरते, और उनका यह निडर रवैया उन्हें किसी भी गेंदबाज के कद की परवाह किए बिना खतरनाक बना देता है.

मैच की बात करें तो, राजस्थन ने यशस्वी जायसवाल और सूर्यवंशी के बीच 80 रनों की तूफानी ओपनिंग साझेदारी की बदौलत, मंगलवार को गुवाहाटी में बारिश से प्रभावित मैच में मुंबई को 27 रनों से हरा दिया. इसके साथ ही उन्होंने IPL 2026 सीजन में अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की.

वैभव ने सिर्फ 14 गेंदों में 39 रन बनाए, जिसमें बुमराह के खिलाफ़ दो छक्के और अन्य गेंदबाजों के खिलाफ तीन छक्के शामिल थे. वहीं, जायसवाल सिर्फ 32 गेंदों में 77 रन बनाकर नाबाद रहे.

Read more

Local News