Wednesday, June 10, 2026

 विराट कोहली के बाद ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए.

Share

 भारतीय क्रिकेट टीम को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले एक और बड़ा झटका लगा है. टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या दोबारा चोटिल हो गए हैं. जिसकी वजह से वो अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी तीन मैच की एकदिवसीय श्रृंखला से बाहर हो गए.

बेंगलुरु में भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में अपनी पीठ की ऐंठन की चोट से उबरने के बाद खेलने की मंजूरी लेने गए थे. यह चोट उन्हें आईपीएल में मुंबई इंडियन्स के लिए खेलते समय लगी थी.

हार्दिक पांड्या

हार्दिक की नई चोट
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हार्दिक को नई चोट (जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव) सीओई में आकलन के दौरान पूरे 10 ओवर की गेंदबाजी करने की वजह से लगी होगी. बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘उन्हें ठीक होने में तीन हफ्ते लगेंगे इसलिए उनके एकदिवसीय श्रृंखला में खेलने की कोई संभावना नहीं है क्योंकि उनका रिहैबिलिटेशन पूरा नहीं हो पाएगा.’

हालांकि बीसीसीआई की तरफ से अभी तक आधिकारिक तौर पर इसका ऐलान नहीं किया गया है और ना ही हार्दिक के रिप्लेसमेंट का ऐलान किया गया है. इस सीरीज से बाहर होने वाले हार्दिक दूसरे खिलाड़ी हैं, इससे पहले विराट कोहली भी मांसपेशियों में खिंचाव की वजह से सीरीज से पहले ही बाहर हो चुके हैं. और उनकी जगह यशस्वी जायसवाल को टीम में शामिल किया गया है. अब देखना ये है कि हार्दिक की जगह किस खिलाड़ी को मौका मिलता है.

हार्दिक पांड्या

हार्दिक टीम इंडिया के लिए अहम खिलाड़ी हैं
बता दें कि 32 वर्षीय ऑलराउंडर को यह नई चोट ऐसे समय में लगी है जब अगले साल होने वाले एकदिवसीय विश्व कप को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई उन्हें अधिक एकदिवसीय क्रिकेट खेलने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है. दक्षिण अफ्रीका में 2027 में होने वाले एकदिवसीय विश्व कप के लिए भारत की योजनाओं में पांड्या सबसे अहम बने हुए हैं.

अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैच की श्रृंखला और फिर अगले महीने इंग्लैंड के खिलाफ भी इतने ही मैच की श्रृंखला के लिए पांड्या को मैच फिट रखने के मकसद से उन्हें भारत की टी20 टीम से बाहर रखा गया है जबकि वह इस प्रारूप में दो बार विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे हैं.

अफगानिस्तान के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला शनिवार 14 जून को धर्मशाला में शुरू होगी. इसके बाद लखनऊ और चेन्नई में क्रमशः 17 और 20 जून को दो अन्य मैच खेले जाएंगे.

Read more

Local News