पटना, 12 नवंबर 2026। दिवंगत पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. रवींद्र किशोर सिन्हा (आरके सिन्हा) की श्रद्धांजलि सभा में पहुंचीं रोहिणी आचार्य ने उनसे जुड़े पुराने अनुभव साझा किए। उन्होंने आरके सिन्हा को पिता समान बताते हुए कहा कि लालू प्रसाद यादव के इलाज के लिए परिवार को सिंगापुर ले जाने की सलाह भी उन्होंने ही दी थी।
रोहिणी के मुताबिक, आरके सिन्हा परिवार के काफी करीब थे। उन्होंने ही परिवार को लालू यादव को सिंगापुर ले जाकर वहां के डॉक्टरों से सलाह लेने के लिए प्रेरित किया था। रोहिणी ने कहा कि उनके सुझाव के कारण ही परिवार वहां इलाज कराने का फैसला कर सका।
‘आरके अंकल हमारे लिए पिता समान थे’
श्रद्धांजलि सभा में भावुक नजर आईं रोहिणी आचार्य ने कहा कि आरके सिन्हा के साथ उनका बेहद करीबी रिश्ता था। उन्होंने बताया कि लालू यादव के इलाज के सिलसिले में सिंगापुर जाने का सुझाव आरके सिन्हा ने दिया था।
रोहिणी ने कहा, “उन्हीं की वजह से हमलोग पापा का इलाज सिंगापुर में करा पाए। वही फोर्स किए थे कि एक बार लालू जी को सिंगापुर लेके आपलोग जाओ और डॉक्टर से मिलो।”
उन्होंने आगे कहा, “जो भी पापा को या मुझे आपलोग देख रहे हैं, सब आरके अंकल की वजह से है।”
नीतीश कुमार से मुलाकात की अटकलों पर रोहिणी का जवाब
दिल्ली से पटना लौटने के बाद रोहिणी आचार्य ने एयरपोर्ट पर छठ के प्रसाद को लेकर भी बात की थी। उस दौरान उन्होंने कहा था कि वह नीतीश कुमार के यहां जाकर छठ का प्रसाद खाएंगी।
हालांकि, जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या वह नीतीश कुमार से मुलाकात भी करेंगी, तो उन्होंने इससे इनकार किया। रोहिणी ने कहा कि उन्होंने मिलने की बात नहीं कही थी और ऐसी बातें मीडिया की ओर से जोड़ी जा रही हैं।
श्रद्धांजलि सभा में सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर भी पहुंचे
आरके सिन्हा की श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर समेत कई राजनीतिक हस्तियां शामिल हुईं। इस दौरान सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर ने एक-दूसरे से मुलाकात की और कुछ देर बातचीत भी की।
बताया गया कि बांकीपुर चुनाव के बाद दोनों पहली बार आमने-सामने आए थे। कार्यक्रम के दौरान रोहिणी आचार्य भी दोनों नेताओं के साथ बैठी नजर आईं।
30 अक्टूबर को हुआ था आरके सिन्हा का निधन
डॉ. रवींद्र किशोर सिन्हा का निधन 30 अक्टूबर 2026 को नोएडा स्थित उनके आवास पर हुआ था। वह 75 वर्ष के थे और कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन के बाद पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए पटना लाया गया था, जहां मुख्यमंत्री सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और आम लोगों ने श्रद्धांजलि दी थी।
आरके सिन्हा भाजपा के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे। उन्होंने राज्यसभा सांसद के रूप में भी काम किया था। कारोबारी क्षेत्र में उनकी पहचान एसआईएस ग्रुप के संस्थापक और चेयरमैन के तौर पर रही।
