Friday, October 2, 2026

लान्डुपोदा पंचायत में विशेष ग्राम सभा, विकास योजनाओं में जनभागीदारी पर DDC का जोर.

Share

चाईबासा: गांधी जयंती के अवसर पर बंदगांव प्रखंड की लान्डुपोदा पंचायत में शुक्रवार को विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ‘सबकी योजना, सबका विकास’ अभियान 2026-27 के तहत हुई बैठक में पंचायत की जरूरतों और ग्रामीणों की प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, बीडीओ भीषम कुमार, जिला परिषद सदस्य बसंती पूर्ति, प्रखंड प्रमुख पीटर घनश्याम तियु, मुखिया कुश पूर्ति सहित पंचायत प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

गांधी-शास्त्री को किया नमन, पौधारोपण भी

ग्राम सभा शुरू होने से पहले डीडीसी ने पंचायत सचिवालय परिसर में महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने परिसर में पौधारोपण भी किया।

ग्रामीणों की जरूरतों के आधार पर बनें योजनाएं

विशेष ग्राम सभा में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। साथ ही लोगों से उनकी समस्याओं, जरूरतों और सुझावों के बारे में जानकारी लेकर पंचायत के विकास की प्राथमिकताएं तय की गईं।

डीडीसी उत्कर्ष कुमार ने कहा कि पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं का निर्माण स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। उन्होंने योजनाओं के चयन और क्रियान्वयन में ग्रामीणों की भागीदारी को जरूरी बताया।

शिक्षा, कृषि और रोजगार पर फोकस

बैठक में शिक्षा, कृषि, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विषयों पर योजनाबद्ध तरीके से काम करने पर जोर दिया गया। अभियान का उद्देश्य स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाना और सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना बताया गया।

इस दौरान बेहतर कृषि कार्य करने वाले शिवशंकर महतो, दुम्भी सुरीन समेत पांच किसानों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड एवं पंचायत स्तर के कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और ग्रामीण मौजूद रहे।

BHARATSUPRFASTNEWS

Read more

Local News