25 मई को राष्ट्रपति भवन में कई बड़ी हस्तियों को पद्म श्री अवॉर्ड से सम्मानित किया गया. इसमें भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर भी शामिल थीं. उन्होंने इंग्लैंड में भारत की महिला वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों को छोड़कर इस अवॉर्ड सेरेमनी में शामिल होने का फैसला किया और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों देश का चौथा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान हासिल किया.
इस अवॉर्ड के लिए भारतीय पुरुष टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का भी नाम था. लेकिन वो नई दिल्ली में पद्म श्री सेरेमनी में शामिल नहीं हो सके. जिसकी वजह से कई फैंस हैरान रह गए. उसके बाद सोशल मीडिया पर ये चर्चा भी तेज हो गई कि आखिर रोहित ये अवॉर्ड लेने राष्ट्रपति भवन में क्यों नहीं पहुंचे? हालांकि, इसकी वजह किसी विवाद से जुड़ी न होकर प्रक्रिया से जुड़ी है.
बता दें कि पद्म अवॉर्ड्स पारंपरिक तौर पर राष्ट्रपति भवन में कई हफ्तों तक चलने वाली अलग-अलग सेरेमनी में दिए जाते हैं, जिसमें अवॉर्ड पाने वालों को अलग-अलग ग्रुप में बांटा जाता है. हो सकता है कि रोहित अपने बीजी शेड्यूल की वजह से अवॉर्ड सेरेमनी में शामिल नहीं हो पाए. लेकिन उम्मीद है कि उन्हें इस साल के आखिर में होने वाली दूसरी सेरेमनी में यह प्रतिष्ठित सम्मान मिलेगा.
इस साल गणतंत्र दिवस के मौके पर इस सम्मान के लिए चुने जाने के बाद रोहित ने अपनी खुशी जाहिर की थी और भारत सरकार तथा अपने फैंस का शुक्रिया अदा करते हुए एक वीडियो भी अपलोड किया था, जिसमें उन्होंने अपनी क्रिकेट यात्रा को पहचान देने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया था.
रोहित को पद्म श्री कब मिलेगा?
अब उम्मीद है कि रोहित को उनका पद्म श्री मेडल राष्ट्रपति भवन में होने वाले किसी बाद के सम्मान समारोह में दिया जाएगा, हालांकि इसकी कोई आधिकारिक तारीख अभी तक सार्वजनिक रूप से घोषित नहीं की गई है. जो लोग पहले समारोह में शामिल नहीं हो पाते, उन्हें आमतौर पर सरकार द्वारा आयोजित बाद के समारोहों में सम्मानित किया जाता है.
बता दें कि इस साल गणतंत्र दिवस के मौके पर पद्म पुरस्कार 2026 की लिस्ट में 8 खिलाड़ियों के नामों के शामिल किया गया है. जिसमें क्रिकेट से रोहित शर्मा और हरमनप्रीत कौर का नाम था.
पद्म पुरस्कार 2026: सम्मानित खिलाड़ी
- विजय अमृतराज (टेनिस)– पद्म भूषण
- बलदेव सिंह (हॉकी)– पद्म श्री
- हरमनप्रीत कौर (क्रिकेटर)– पद्म श्री
- के पजनीवेल (मार्शल आर्ट) – पद्म श्री
- प्रवीण कुमार (पैरा एथलीट)– पद्म श्री
- रोहित शर्मा (क्रिकेटर)– पद्म श्री
- सविता पूनिया (हॉकी)– पद्म श्री
- भगवानदास रायकवार (मार्शल आर्ट) – पद्म श्री


