Friday, June 19, 2026

 रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने छपरा जंक्शन से नई ट्रेनों का शुभारंभ करते हुए बिहार के लिए कई बड़े रेल प्रोजेक्ट्स का एलान किया है.

Share


 रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने छपरा जंक्शन पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में छपरा-आनंद विहार विशेष ट्रेन समेत तीन प्रमुख ट्रेनों का उद्घाटन किया. यह तीनों ट्रेनें छपरा, बनारस व मऊ रेलवे स्टेशन से निर्धारित शेड्यूल पर चलेंगी. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेल मंत्री ने कहा कि बहुत जल्द बिहार में भी बुलेट ट्रेन चलेगी. दिल्ली से पटना की यात्रा में 4 घंटे 41 मिनट में तय हो जायेगी. यह बुलेट ट्रेन दिल्ली, लखनऊ, बनारस, पटना सिलीगुड़ी रूट पर चलेगी. इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गयी है.

उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के विजन के तहत बिहार को हर साल रेलवे विकास के लिए 10 हजार करोड़ का बजट दिया जा रहा है. वर्तमान में बिहार के अलग-अलग रूटों से 14 वंदे भारत और सबसे अधिक अमृत भारत ट्रेनें चल रही हैं.

Chhapra News : आगमन से पहले स्टेशनों पर मुस्तैदी


रेल मंत्री व मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सोनपुर-छपरा रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों पर शुक्रवार को रेल प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रहा. दिघवारा स्टेशन पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम दिखे और भीषण गर्मी के बीच सभी विभागों के स्टॉफ अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद नजर आए. आरपीएफ के जवान पूर्वी व पश्चिमी रेलवे क्रॉसिंग के समीप तथा दोनों प्लेटफार्म पर कड़ी धूप में तैनात रहे. दोपहर 12 बजकर 57 मिनट पर जब रेल मंत्री का विशेष सैलून दिघवारा से छपरा की ओर प्रस्थान कर गया, तब रेल कर्मियों ने राहत की सांस ली. विशेष सैलून में रेल मंत्री व मुख्यमंत्री की झलक पाने के लिए आम रेलयात्री बेहद उत्साहित दिखे.

जंक्शन पर चाक-चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था


रेल मंत्री व मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर शुक्रवार को छपरा जंक्शन पर सुरक्षा के व्यापक और कड़े इंतजाम किए गए थे. पूरे स्टेशन परिसर को सुरक्षा घेरे में रखकर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीम से जांच कराई गई. सारण के एसएसपी विनीत कुमार, आरपीएफ के आईजी, रेल एसपी बीणा कुमारी और डीएसपी मो. शाहकार खान ने सुबह से ही जंक्शन पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. प्लेटफार्म और प्रवेश द्वारों पर आरपीएफ की विभिन्न बटालियनों को तैनात कर सघन जांच चलाई गई. वहीं ट्रेनों की सुरक्षा के लिए महिला आरपीएफ प्रभारी आरती सहित कुल 19 सुरक्षा कर्मियों को स्कॉर्ट के रूप में तैनात किया गया था.

Table of contents [hide]

Read more

Local News