गोड्डाः राष्ट्रीय जनता दल का 30वां स्थापना दिवस गोड्डा राजद कार्यालय में धूमधाम से मनाया गया. कार्यक्रम में स्थानीय विधायक सह झारखंड राजद कोटा से इकलौते मंत्री संजय प्रसाद यादव बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए. उन्होंने राजद कार्यकर्ताओं के साथ केक काटकर पार्टी का स्थापना दिवस मनाया और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया.
- इस दौरान झारखंड के श्रम और उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि हम सब राजद के सच्चे सिपाही हैं. हम बिकाऊ नहीं, टिकाऊ माल हैं. और वैसे बिकना रहता तो आज आरएसएस और भाजपा की गोद में खेल रहे होते. उन्होंने कहा कि हम न टूटना जानते हैं और न झुकना जानते हैं. हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव ने जेल जाना पसंद किया, लेकिन अपनी नीति और सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया और लगातार गरीबों और दलितों की आवाज बुलंद करते रहे.
उन्होंने कहा कि 10 साल बाद आप कार्यकर्ताओं ने हमें विधायक बनाकर मंत्री की कुर्सी पर बैठाया है. ये आप सभी कार्यकर्ताओं की ही देन है. भाजपा के लोगों ने झुकाने के लिए सैकड़ों केस किए, लेकिन हमने कभी नीति ओर सिद्धांतों से समझौता नहीं किया.
वहीं इस दौरान मंत्री संजय प्रसाद यादव ने झारखंड में चल रहे SIR को लेकर कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि जिस प्रकार बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी कर चुनाव जीतने का काम किया गया है यह जग जाहिर है. ऐसे में सभी राजद कार्यकर्ता संकल्प लें कि अपने वोटरों का नाम लिस्ट से कटने नहीं देंगे. इसके लिए सजग और सतर्क रहेंगे.


