रांची: राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर झारखंड के सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में खेल एवं फिटनेस से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” थीम के तहत 27, 29 और 30 अगस्त को अलग-अलग कार्यक्रम होंगे। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।
27 अगस्त को फिटनेस और खेल गतिविधियां
कार्यक्रम की शुरुआत 27 अगस्त से होगी। इस दिन विद्यार्थियों के लिए पुशअप, स्किपिंग और प्लैंक जैसी फिटनेस गतिविधियां कराई जाएंगी। इसके साथ पास द बॉल और स्पोर्ट्स बंधन जैसी गतिविधियां भी होंगी। खेल एवं स्वास्थ्य विषय पर स्लोगन, नारा और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। योग, मास पिटी, मार्शल आर्ट, रस्साकशी और तीरंदाजी जैसी गतिविधियों को भी कार्यक्रम में शामिल किया गया है।
29 अगस्त को मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि
हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर 29 अगस्त को स्कूलों में विशेष कार्यक्रम होंगे। इस दौरान विद्यार्थी और शिक्षक उन्हें श्रद्धांजलि देंगे तथा उनके खेल जीवन और उपलब्धियों पर अपने विचार साझा करेंगे। खेल शपथ और हाउसवार मार्च-पास्ट भी आयोजित किए जाएंगे।
कक्षा के अनुसार होंगी प्रतियोगिताएं
कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों के लिए 50 मीटर दौड़, बोरी दौड़, तीन टांग दौड़, चम्मच-गोली दौड़, कैरम और लूडो जैसी प्रतियोगिताएं प्रस्तावित हैं।
कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों के बीच 100 और 200 मीटर दौड़, कबड्डी या खो-खो, शतरंज तथा टेबल टेनिस की प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं कक्षा 9 से 12 के छात्रों के लिए 400 और 800 मीटर दौड़ के साथ फुटबॉल, हॉकी या कबड्डी, बैडमिंटन और वॉलीबॉल जैसे खेल आयोजित किए जाएंगे।
छात्रों और शिक्षकों के बीच मैत्रीपूर्ण मुकाबले भी होंगे। इनमें रस्साकशी, क्रिकेट या फुटबॉल और म्यूजिकल चेयर जैसी गतिविधियां शामिल रहेंगी। कार्यक्रम के समापन पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार दिए जाएंगे।
CWSN विद्यार्थियों की भागीदारी पर विशेष ध्यान
खेल दिवस की गतिविधियों में दिव्यांग विद्यार्थियों यानी CWSN बच्चों को भी शामिल करने पर जोर दिया गया है। स्कूल प्रशासन को उनकी जरूरत के अनुसार आवश्यक व्यवस्था करने को कहा गया है, ताकि वे सुरक्षित और सहज माहौल में कार्यक्रमों में भाग ले सकें।
30 अगस्त को साइकिल रैली
30 अगस्त को “Sundays on Cycle” पहल के तहत साइकिल रैली या विशेष दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों और आम लोगों के बीच नियमित शारीरिक गतिविधि, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।
विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, शारीरिक शिक्षा शिक्षकों और नोडल शिक्षकों को कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूलों में खेल सामग्री, प्राथमिक उपचार, पेयजल और सुरक्षा की व्यवस्था रखने को भी कहा गया है। आयोजन के बाद तस्वीरों और संक्षिप्त रिपोर्ट को संबंधित जिला शिक्षा परियोजना कार्यालय के माध्यम से राज्य परियोजना कार्यालय तक भेजने का निर्देश दिया गया है।
