Wednesday, April 29, 2026

राशिद खान ने अपनी किताब में दो देशों की नागरिकता के प्रस्ताव ठुकराने का खुलासा किया है.

Share

अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान इन दिनों इंडियन प्रीमियर लीग में बिजी हैं. वो लीग में गुजरात टाइटंस का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. हाल ही में उन्होंने अपनी किताब ‘राशिद खान: फ्रॉम स्ट्रीट्स टू स्टारडम’ में खुलासा किया है कि उनको भारत और ऑस्ट्रेलिया से नागरिकता की पेशकश हुई थी, लेकिन उन्होंने इस ऑफर को लेने से मना कर दिया था.

राशिद खान ने अपनी किताब में 2023 IPL सीजन की एक घटना का जिक्र किया. टीम के एक अधिकारी ने उन्हें बताया कि भारतीय क्रिकेट जगत की एक बड़ी हस्ती उनसे मिलना चाहती है. राशिद को वह बातचीत अच्छी तरह याद है.

राशिद ने बताया, ‘मैं उनके पास गया और उन्हें नमस्ते किया. हमारी बातचीत शुरू हुई, और उन्होंने कहा, ‘तुम्हारे देश (अफगानिस्तान) के हालात बहुत खराब हैं. तुम भारत आ जाओ और यहीं रहो. हम तुम्हें भारतीय दस्तावेज दिलवा देंगे, तुम यहीं रहो और यहीं क्रिकेट खेलो.’

मैं अपने देश के लिए खेल रहा हूं
राशिद खान ने आगे कहा, ‘उनकी बातें सुनकर मैं हैरान रह गया और मुझे समझ नहीं आ रहा था कि इसका क्या जवाब दूं. लेकिन मैंने मुस्कुराते हुए कहा, ‘आपका बहुत-बहुत शुक्रिया. मैं अपने देश, अफगानिस्तान के लिए खेल रहा हूं.’

राशिद ने यह भी बताया कि इस तरह के प्रस्ताव सिर्फ एक देश से नहीं मिले थे. उन्होंने लिखा, ‘मुझे भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया से भी नागरिकता और खेलने के प्रस्ताव मिले थे. लेकिन मैंने उनसे कहा, ‘अगर मैं अपने देश के लिए नहीं खेलूंगा, तो मैं किसी और देश के लिए भी नहीं खेलूंगा.’

राशिद खान को अपने देश अफगानिस्तान से काफी प्यार है. वो अक्सर अपने देश पर होने वाले जुल्म के खिलाफ भी आवाज उठाते रहते हैं. हाल ही में जब पाकिस्तान ने उनके देश पर अटैक किया था तो भी राशिद खान ने पाकिस्तान के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की थी इसके अलावा वो तालिबान के कुछ फैसलों पर भी नाराजगी जता चुके हैं.

राशिद खान का क्रिकेट करियर
राशिद खान उन क्रिकेटरों में से एक हैं, जिनको भारत समेत कई दूसरे देशों में काफी ज्यादा प्यार मिलता है. वो दुनिया की बड़ी से बड़ी लीग खेलते हैं. उन्होंने अब तक अफगानिस्तान के लिए 6 टेस्ट, 117 वनडे और 115 टी20 मैच खेल चुके हैं. टेस्ट में उनके नाम 45 विकेट है, जबकि वनडे और टी20 में उनके नाम क्रमश: 210 और 193 विकेट हैं. जबकि IPL में राशिद खान ने 141 मैच खेले हैं. जिसमें उनके नाम 164 विकेट हैं.

Read more

Local News