Friday, June 19, 2026

राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने शुक्रवार को राजस्व सेवा के 10 अधिकारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की है।

Share

राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने 10 राजस्व अधिकारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की है। इसमें पटना सिटी की डीसीएलआर अभिलाषा सिन्हा के निलंबन की सिफारिश की गई है, जिन पर 15 लाख रुपये रिश्वत लेने का आरोप है।

पटना। राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने शुक्रवार को राजस्व सेवा के 10 अधिकारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की है। इन अधिकारियों के विरुद्ध आरोप पत्र का गठन किया जा रहा है। विभागीय एवं अनुशासनिक कार्यवाही शुरू की गई है।

15 लाख रुपये रिश्वत लेने के आरोप में पटना सिटी की भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) अभिलाषा सिन्हा के निलंबन की अनुशंसा सामान्य प्रशासन विभाग से की गई है। हाजीपुर के तत्कालीन अंचल अधिकारी मुकुल कुमार झा के विरुद्ध भ्रष्टाचार के मामले में आरोप पत्र गठित किया गया है।

औरंगाबाद के सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी नीलकमल कुमार सिन्हा पर मुख्यालय के एक पदाधिकारी को आनलाइन माध्यम से रिश्वत देने का प्रयास करने का आरोप है। इनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्यवाही चलेगी।

डॉ. जायसवाल के वर्तमान कार्यकाल में अब तक 60 से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की गई है।

सीतामढ़ी के रून्नीसैदपुर के राजस्व अधिकारी विश्वामित्र खरवार पर अमीन के माध्यम से पांच हजार रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में कार्रवाई की गई है। किशनगंज सदर के अंचल अधिकारी राहुल कुमार पर दाखिल-खारिज मामलों को गलत तरीके से अस्वीकृत करने का आरोप में विभागीय कार्यवाही शुरू की गई है

पटना के संपतचक के अंचल अधिकारी अमित कुमार पर दाखिल-खारिज मामलों में अनावश्यक आपत्तियां लगाने सहित अन्य मामलों में आरोप पत्र गठित किया गया है। मुजफ्फरपुर के कुढ़नी के तत्कालीन राजस्व अधिकारी धीरज कुमार के विरुद्ध विभागीय कार्यों में रुचि नहीं लेने के मामले में आरोप पत्र स्वीकृत किया गया है।

सहरसा में पदस्थापना के दौरान गड़बड़ी करने के आरोप में बांका में पदस्थापित अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रंजीत कुमार के विरुद्ध अनुशासनिक कार्यवाही की अनुशंसा की गई है।

समस्तीपुर की अंचल अधिकारी पुष्पलता कुमारी को संचयी प्रभाव के बिना एक वेतन वृद्धि रोकने का दंड दिया गया है। पश्चिम चंपारण के बगहा-1 की अंचल अधिकारी नर्मदा श्रीवास्तव के विरुद्ध भी आरोप पत्र गठित किया गया है।

Read more

Local News