
रांची न्यूज़ :झारखंड की राजधानी रांची ठंड से कांप रही है। सुबह और शाम को ठंड की तीव्रता बढ़ जाती है। 10 बजे के बाद थोड़ी राहत मिलती है, लेकिन ठंड का अहसास होता ही रहता है।सुबह और रात के समय जगह-जगह लोग अलाव जलाकर ठंड से बचने की कोशिश करते हैं।
शनिवार को रांची का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेंटीग्रेड हो गया. हालांकि, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची स्थित मौसम केंद्र ने बताया है कि रांची में नामकुम का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेंटीग्रेड झारखंड में सबसे कम है. दूसरी तरफ, बिरसा कृषि विश्वविद्यालय कांके में मौजूद ग्रामीण कृषि मौसम सेवा ने शनिवार को बताया कि कांके का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेंटीग्रेड पहुंच गया है. यह शुक्रवार के 3.3 डिग्री सेंटीग्रेड से 0.3 डिग्री सेंटीग्रेड कम है. कांके का अधिकतम तापमान आज 20.5 डिग्री सेंटीग्रेड रिकॉर्ड किया गया.
मौसम केंद्र रांची ने जारी किया वेदर रिपोर्ट
मौसम केंद्र ने बताया है कि पिछले 24 घंटे के दौरान रांची में नामकुम का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेंटीग्रेड रहा, जो पूरे झारखंड में सबसे कम है. सिमडेगा के बानो में सबसे अधिक उच्चतम तापमान 26.5 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया. मौसम विभाग की ओर से जारी वेदर रिपोर्ट में कहा गया है कि राजधानी रांची के न्यूनतम तापमान में 0.1 डिग्री सेंटीग्रेड की गिरावट आई है. इसके साथ ही रांची का न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस हो गया है.
रांची का अधिकतम तापमान 2.1 डिग्री बढ़ा, न्यूनतम पारा घटा
रांची के अधिकतम तापमान में 2.1 डिग्री सेंटीग्रेड की वृद्धि हुई है और यह 22.9 डिग्री सेंटीग्रेड हो गया है. हालांकि, अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान अभी भी सामान्य से कम हैं. रांची का उच्चतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री सेंटीग्रेड कम है, तो न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस कम है. हिनू और टाटीसिल्वे का न्यूनतम तापमान क्रमश: 7.9 डिग्री और 9.7 डिग्री सेंटीग्रेड रहे. हिनू का उच्चतम तापमान 22.9 डिग्री और टाटीसिल्वे का अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेंटीग्रेड रिकॉर्ड किया गया. नामकुम का उच्चतम पारा 21.4 डिग्री सेंटीग्रेड रहा


