Monday, May 11, 2026

राजधानी पटना में पेट्रोल और डीजल की सीमित आपूर्ति के कारण कई पंपों पर वाहनों को निर्धारित मात्रा में ही ईंधन दिया जा रहा है।

Share

पटना। राजधानी में पेट्रोल और डीजल की सीमित आपूर्ति का असर अब आम उपभोक्ताओं पर भी दिखने लगा है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (ओएमसीएस) में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) को छोड़ अन्य कंपनियों की ओर से ईंधन की सप्लाई सीमित होने के कारण कई पेट्रोल पंपों पर सख्ती बढ़ा दी गई है।

कुछ पंपों पर वाहनों को निर्धारित मात्रा में ही पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है, जबकि कई इलाकों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सोमवार को पटेल नगर स्थित पेट्रोल पंप से पेट्रोल उपभोक्ताओं को नहीं रहने के कारण नहीं मिल सकी, जबकि गोला रोड कॉर्नर पर स्थित पंप से बाइक में दो सौ और कार में अधिकतम एक हजार रुपये का पेट्रोल दिया जा रहा था, इसको लेकर पंप ऑपरेटर व ग्राहकों में बकझक की स्थिति देखने को मिली।

पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विजयेंद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम से जुड़े कई आउटलेट्स पर सीमित मात्रा में आपूर्ति होने से परेशानी हो रही है। इस कारण से इंडियन ऑयल के पंपों पर भीड़ देखने को मिल रही है।

उन्होंने कहा कि स्टॉक को लंबे समय तक बनाए रखने के लिए सीमित बिक्री की जा रही है। कई पंपों पर दोपहिया वाहनों को तय मात्रा तक ही पेट्रोल दिया जा रहा है, वहीं भारी वाहनों को भी जरूरत के अनुसार ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है।

राजधानी के बेली रोड, कंकड़बाग, अशोक राजपथ, मीठापुर और बाइपास इलाके के कई पंपों पर वाहन चालकों की भीड़ देखी गई। कुछ जगहों पर वाहन चालकों को दूसरे पंपों की ओर भेजा गया। खासकर व्यावसायिक वाहन चालकों और आटो चालकों को अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।

पेट्रोलियम एसोसिएशन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि पेट्रोल की कोई परेशानी नहीं है। ऐसे में पैनिक खरीदारी करने की जरूरत नहीं है। जरूरत के अनुसार ही खरीदारी करें।

पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि स्थिति अस्थायी है और आपूर्ति सामान्य होते ही राहत मिल जाएगी। हालांकि, सीमित सप्लाई के कारण पंप संचालक फिलहाल स्टाक प्रबंधन को लेकर सतर्कता बरत रहे हैं।

Read more

Local News