रांची, 25 नवंबर 2026: महिला स्वयं सहायता समूहों को रोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए रांची नगर निगम की ओर से नागा बाबा सब्जी बाजार में बायोडिग्रेडेबल पॉलीबैग निर्माण इकाई स्थापित की गई है। बुधवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने इस इकाई का निरीक्षण किया और वहां काम कर रहीं स्वयं सहायता समूह की 15 महिलाओं से बातचीत की।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने मशीन संचालन के लिए दिए जा रहे प्रशिक्षण, पॉलीबैग बनाने की प्रक्रिया, उत्पादन क्षमता और तैयार उत्पादों की बिक्री की योजना के बारे में जानकारी ली।
उत्पादन से लेकर बिक्री तक महिलाएं संभालेंगी जिम्मेदारी
नगर आयुक्त ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सिर्फ रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें एक उद्यम संचालित करने का अवसर देना भी है। इकाई में उत्पादन, प्रबंधन और विपणन से जुड़े कामों की जिम्मेदारी महिलाएं खुद संभालेंगी।
इससे महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ने के साथ उनके व्यावसायिक कौशल और उद्यमिता क्षमता को भी विकसित करने में मदद मिलेगी।
एक घंटे में 40 किलोग्राम पॉलीबैग बनाने की क्षमता
नगर निगम की ओर से स्थापित मशीन की उत्पादन क्षमता लगभग 40 किलोग्राम पॉलीबैग प्रति घंटे बताई गई है। इस इकाई के माध्यम से बाजार के दुकानदारों, वेंडर्स और आम नागरिकों को पर्यावरण अनुकूल बैग उपलब्ध कराने की योजना है।
इस पहल से पारंपरिक प्लास्टिक बैग के स्थान पर वैकल्पिक बैग के इस्तेमाल को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। साथ ही स्थानीय स्तर पर ऐसे उत्पादों की उपलब्धता बढ़ सकती है।
गुणवत्ता और नियमित बिक्री पर जोर
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने महिलाओं को उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने और नियमित उत्पादन पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने तैयार बैग की बिक्री बढ़ाने के लिए दुकानदारों, वेंडर्स और आम लोगों के बीच प्रचार-प्रसार करने की जरूरत भी बताई।
नगर आयुक्त ने समूह की महिलाओं को इस इकाई को एक सफल उद्यम के रूप में विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया। नगर निगम की यह पहल महिला सशक्तीकरण के साथ शहर में पर्यावरण के अनुकूल विकल्पों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
