Friday, July 17, 2026

रांची में शुरू हुई 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता, पांच प्रमंडलों की टीमें ले रहीं हिस्सा.

Share

रांची: झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC) की ओर से आयोजित 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता का शुक्रवार को रांची के खेलगांव स्थित प्रैक्टिस मैदान में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में राज्य के पांचों प्रमंडलों की विजेता टीमें भाग ले रही हैं। आयोजन का उद्देश्य विद्यालय स्तर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर उपलब्ध कराना है।

प्रतियोगिता में अंडर-15 बालक, अंडर-17 बालक और अंडर-17 बालिका वर्ग के कुल 240 खिलाड़ी मैदान में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उद्घाटन समारोह में झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के अध्यक्ष अजय नाथ सहदेव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ जेएसएसपीएस खेलगांव की प्रतिनिधि पुष्पा हस्सा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी एवं आयोजन सचिव धीरसेन ए. सोरेंग तथा मो. फरीद भी मौजूद थे। दीप प्रज्ज्वलन और गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अजय नाथ सहदेव ने कहा कि फुटबॉल दुनिया के सबसे लोकप्रिय खेलों में शामिल है और झारखंड में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, समर्पण और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने का आह्वान करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत और सही मार्गदर्शन से राज्य के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता स्कूली खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है, जहां से कई खिलाड़ी आगे बढ़कर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बना सकते हैं।

आयोजन सचिव धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर देती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रतियोगिता का संचालन पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ किया जाएगा तथा खिलाड़ियों से टीम भावना और खेल भावना बनाए रखने की अपील की।

पहले दिन के प्रमुख मुकाबले

प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न आयु वर्गों में कई मुकाबले खेले गए। अंडर-17 बालिका वर्ग में संथाल परगना ने कोल्हान को 7-0 से हराया। अंडर-17 बालक वर्ग में दक्षिण छोटानागपुर ने उत्तर छोटानागपुर को 3-1 से मात दी, जबकि संथाल परगना और कोल्हान के बीच मुकाबला बिना किसी गोल के बराबरी पर समाप्त हुआ। वहीं अंडर-15 बालक वर्ग में उत्तर छोटानागपुर ने दक्षिण छोटानागपुर को 2-0 और संथाल परगना ने कोल्हान को 4-0 से शिकस्त दी।

आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता में आगे लीग और नॉकआउट चरण के मुकाबले खेले जाएंगे। विजेता टीमें राष्ट्रीय स्तर की सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। विद्यालयी खेलों को प्रोत्साहन देने और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे लाने की दिशा में इस प्रतियोगिता को महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Read more

Local News