रांचीः नाबालिगों के वाहन चलाने और स्कूली बच्चों के परिवहन में सुरक्षा नियमों की अनदेखी के खिलाफ रांची जिला प्रशासन ने सोमवार को विशेष जांच अभियान चलाया। परिवहन विभाग की टीम ने कई स्कूलों के बाहर वाहनों की जांच की। इस दौरान बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस दोपहिया चलाते मिले 30 नाबालिगों को चेतावनी देकर छोड़ा गया, जबकि पांच वाहन जब्त किए गए।
डीपीएस और केराली स्कूल समेत कई जगह जांच
जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर जिला परिवहन विभाग की टीम ने डीपीएस, केराली स्कूल समेत विभिन्न विद्यालयों के आसपास जांच की। अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार ने किया।
जांच के दौरान अधिकारियों ने नाबालिगों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्हें बताया गया कि बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाना कानून का उल्लंघन है। कम उम्र में वाहन चलाने से चालक के साथ-साथ सड़क पर मौजूद अन्य लोगों की सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है।
अभिभावकों से बच्चों को वाहन नहीं देने की अपील
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभिभावकों की जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण है।
पांच सीट की गाड़ी में 12 से 14 बच्चों को बैठाया
स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की जांच के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी के मामले भी सामने आए। जांच में कुछ पांच सीट वाले वाहनों में 12 से 14 विद्यार्थियों को बैठाकर स्कूल ले जाने और वापस घर पहुंचाने की बात सामने आई।
अधिकारियों ने संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की और निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को वाहन में नहीं बैठाने की सख्त हिदायत दी। स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों से भी बच्चों के परिवहन के दौरान सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने को कहा गया।
बुण्डू टोल के पास भारी वाहनों की पार्किंग पर कार्रवाई
इसी अभियान के तहत बुण्डू टोल प्लाजा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी वाहनों की जांच की गई। यहां भारी वाहनों की अनधिकृत पार्किंग को लेकर कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने ऐसे वाहन चालकों को राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनधिकृत तरीके से वाहन खड़ा नहीं करने का निर्देश दिया। प्रशासन के मुताबिक सड़क पर गलत तरीके से वाहनों की पार्किंग से यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।
आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के मामले में लापरवाही को लेकर कार्रवाई जारी रहेगी। नाबालिगों के वाहन चलाने, स्कूली वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने और राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनधिकृत पार्किंग के खिलाफ आगे भी जांच की जाएगी।
अभियान के दौरान एमवीआई बिमल किशोर, सड़क सुरक्षा अभियंता गौरव कुमार, संबंधित यातायात थाना प्रभारी समेत परिवहन एवं यातायात विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
BharatSuperFastNews | रांची डेस्क
