रांचीः जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स (JSCA) में खेले गए झारखंड टी20 क्रिकेट लीग 2026 के मुकाबले में कोयलांचल सुपर किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छोटानागपुर रॉयल्स को 5 विकेट से हरा दिया. 191 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोयलांचल की टीम ने 19.1 ओवर में 5 विकेट खोकर 192 रन बना लिए और पांच गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया.
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी छोटानागपुर रॉयल्स को विराट सिंह और मो. नाजिम सिद्दीकी ने मजबूत शुरुआत दिलाई. दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 77 रन की साझेदारी की. इसके बाद चंदन कुमार मुखी ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 18 गेंदों में 49 रन बनाए. इन पारियों की बदौलत रॉयल्स की टीम 19.4 ओवर में 190 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.
कोयलांचल सुपर किंग्स की ओर से शुभ शर्मा सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 3.4 ओवर में 43 रन देकर 3 विकेट हासिल किए. हर्ष राज और उत्कर्ष सिंह ने 2-2 विकेट लिए और दोनों ने 34-34 रन खर्च किए. अमित कुमार ने भी 36 रन देकर 2 विकेट झटके.

191 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोयलांचल सुपर किंग्स को उत्कर्ष सिंह और शरणदीप सिंह भाटिया ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई. दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 122 रन जोड़कर टीम की जीत की नींव रखी. उत्कर्ष सिंह ने 32 गेंदों में 53 रन की शानदार पारी खेली, जबकि शरणदीप सिंह भाटिया ने 50 गेंदों पर 79 रन बनाकर मैच का रुख पूरी तरह अपनी टीम की ओर मोड़ दिया.
अंत में शुभ शर्मा ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 14 गेंदों में नाबाद 31 रन बनाए और टीम को जीत दिलाकर लौटे. उनकी पारी की बदौलत कोयलांचल सुपर किंग्स ने 19.1 ओवर में 192 रन बनाकर मुकाबला पांच विकेट से अपने नाम कर लिया. हालांकि छोटानागपुर रॉयल्स की ओर से सुप्रियो चक्रवर्ती ने शानदार गेंदबाजी की. उन्होंने 3.1 ओवर में 29 रन देकर 5 विकेट चटकाए लेकिन उनका यह बेहतरीन प्रदर्शन टीम को जीत नहीं दिला सका.

कोयलांचल सुपर किंग्स की इस जीत में 79 रन की शानदार पारी खेलने वाले शरणदीप सिंह भाटिया को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. इस जीत के साथ कोयलांचल सुपर किंग्स ने टूर्नामेंट में अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की.


