रांची: जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं से जुड़ी कथित अनियमितताओं, परीक्षा प्रक्रिया में सुधार और लंबित मांगों को लेकर बुधवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रांची में जुटे। कचहरी चौक स्थित जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में हजारों अभ्यर्थियों ने एकत्र होकर संविधान यात्रा की तैयारी की।
अभ्यर्थियों की ओर से दोपहर बाद संविधान यात्रा निकाली जाएगी, जो फिरायालाल चौक तक जाएगी। प्रदर्शन में राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे अभ्यर्थी शामिल हुए हैं।
पोस्टर-बैनर के साथ पहुंचे अभ्यर्थी
प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने हाथों में पोस्टर, बैनर और तख्तियां लेकर अपनी मांगें रखीं। इनमें जेपीएससी और जेएसएससी की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने, परीक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करने और विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं से जुड़ी शिकायतों के समाधान की मांग की गई।
कई अभ्यर्थी भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर और भारतीय संविधान की प्रतियां लेकर भी पहुंचे। उनका कहना है कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से चलाया जा रहा है और वे संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं।
24 जिलों से पहुंचे युवा
अभ्यर्थियों के अनुसार, संविधान यात्रा में राज्य के अलग-अलग जिलों से आए युवा भाग ले रहे हैं। उनका कहना है कि रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में लंबे समय तक धरना जारी रखने की बात भी कही है।
अनिश्चितकालीन धरने की तैयारी
अभ्यर्थियों ने बताया कि बुधवार के कार्यक्रम के बाद वे आगे की रणनीति तय करेंगे। वहीं, गुरुवार से जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की तैयारी भी की जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने दोहराया कि उनका उद्देश्य परीक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों की समस्याओं का समाधान कराना है।
