रांची: रांची नगर निगम ने शहर की सरकारी जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराने की दिशा में कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने वार्ड संख्या 49 के मनीटोला स्थित फिरदौस नगर, नीम चौक के पास लगभग 5 एकड़ सरकारी भूमि का निरीक्षण किया। इस दौरान अंचल प्रशासन के साथ संयुक्त रूप से भूमि की मापी भी कराई गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सरकारी भूमि पर हुए कथित अवैध कब्जों की पहचान की। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
भूमि उपयोग की बनेगी कार्ययोजना
नगर आयुक्त ने कहा कि सरकारी और सार्वजनिक संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सीमांकन और मापी के आधार पर सभी अतिक्रमणों की सूची तैयार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के बाद स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से सुझाव लेकर उसके बेहतर उपयोग की योजना तैयार की जाएगी, ताकि क्षेत्र के लोगों को सार्वजनिक सुविधाओं का लाभ मिल सके।
नाले और पुल का भी किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने नीम चौक स्थित बड़े नाले और उस पर बने पुल का भी जायजा लिया। इस दौरान नाले के ऊपर और किनारों पर कुछ संरचनाएं दिखाई दीं, जिनकी वैधता की जांच के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को पूरे नाले का सर्वे कर संभावित अतिक्रमणों की सूची तैयार करने तथा आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही अभियंत्रण शाखा को पुल की तकनीकी जांच करने और आसपास की सड़क एवं जल निकासी व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश भी दिया गया।
सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा पर जोर
नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र की सरकारी और सार्वजनिक परिसंपत्तियों का संरक्षण प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के मामलों में नियमों के अनुरूप कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद, नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, अभियंत्रण शाखा, भू-संपदा, बाजार और प्रवर्तन शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
