Monday, May 25, 2026

रक्सौल से तिरुपति जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है.

Share

 रक्सौल से तिरुपति के बीच चल रही साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को अब रेगुलर साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन बना दिया गया है. अब इस ट्रेन से स्पेशल टैग हट जाएगा. इससे यात्रियों को किराये में भी राहत मिलेगी. स्पेशल ट्रेन के मुकाबले अब इस ट्रेन का किराया करीब 25 प्रतिशत तक कम हो जाएगा. सीतामढ़ी से तिरुपति जाने वाले यात्रियों को स्लीपर क्लास में करीब 175 रुपये कम देने होंगे. वहीं थर्ड एसी में 370 रुपये और सेकंड एसी में लगभग 420 रुपये तक किराया घट जाएगा.

बुकिंग शुरू

रेलवे के इस फैसले से उत्तर बिहार के यात्रियों को काफी राहत मिलने वाली है. रेलवे ने बताया कि 17433 और 17434 नंबर वाली इस रेगुलर ट्रेन की टिकट बुकिंग सोमवार से शुरू हो गई है. अधिकारी नीतेश्वर प्रसाद सिंह ने भी इसकी पुष्टि की है. यह ट्रेन जून महीने से नियमित रूप से चलेगी. इससे रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा और समस्तीपुर समेत उत्तर बिहार के कई जिलों के लोगों को सीधा फायदा मिलेगा.

तिरुपति और दक्षिण भारत जाने का आसान रास्ता

इस ट्रेन के नियमित होने से तिरुपति बालाजी जाने वाले श्रद्धालुओं को अब कटिहार या दूसरे स्टेशनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. यात्री सीधे तिरुपति तक सफर कर सकेंगे. इसके अलावा सिकंदराबाद, रांची, रायपुर, दुर्ग, धनबाद और छत्तीसगढ़ के कई शहरों तक जाने वाले लोगों को भी नई सुविधा मिलेगी.

तिरुपति से सोमवार और रक्सौल से गुरुवार को चलेगी ट्रेन

17433 तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस हर सोमवार सुबह 8:15 बजे तिरुपति से खुलेगी. यह ट्रेन बुधवार शाम 5 बजे रक्सौल पहुंचेगी. वहीं 17434 रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस हर गुरुवार सुबह 3:15 बजे रक्सौल से रवाना होगी और शनिवार सुबह 9:30 बजे तिरुपति पहुंचेगी.

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

रक्सौल से चलने के बाद यह ट्रेन सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, बरौनी, किउल, झाझा, जसीडीह, धनबाद, बोकारो, रांची, राउरकेला, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, सिकंदराबाद और कई बड़े स्टेशनों पर रुकेगी.

इसके बाद ट्रेन तिरुपति पहुंचेगी. इससे बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और दक्षिण भारत के बीच यात्रा आसान होगी. रेलवे के अनुसार तिरुपति-रक्सौल स्पेशल ट्रेन 25 मई को अपना आखिरी फेरा लगाएगी. इसके बाद नियमित साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में परिचालन शुरू होगा.

Read more

Local News