Wednesday, August 26, 2026

रक्षाबंधन पर नन्हे बच्चों ने जाना डाक का अनुभव, चिट्ठी के साथ भेजी राखी.

Share

गुमला: रक्षाबंधन के अवसर पर गुमला मुख्य डाकघर में बुधवार को बच्चों के लिए एक खास गतिविधि आयोजित की गई। एक प्ले स्कूल के छोटे बच्चों ने खुद तैयार की गई राखियों के साथ अपने परिजनों के नाम पत्र लिखे और पहली बार डाकघर जाकर उन्हें पोस्ट किया।

स्कूल में बच्चों ने अपने हाथों से राखियां तैयार कीं। इसके बाद उन्होंने लिफाफे में राखी रखकर परिवार के सदस्यों के लिए संदेश लिखा। शिक्षक और स्कूल की प्राचार्या बच्चों को लेकर गुमला मुख्य डाकघर पहुंचे, जहां बच्चों ने स्वयं पत्रपेटी में अपनी चिट्ठियां डालीं।

डाकघर पहुंचकर पत्र भेजने को लेकर बच्चों में खासा उत्साह दिखा। नन्हे बच्चों को पहली बार डाक सेवा का प्रत्यक्ष अनुभव लेते देखकर डाकघर के कर्मचारियों ने भी खुशी जताई। बच्चों का स्वागत किया गया और उन्हें चॉकलेट भी दी गई।

इस दौरान डाकघर के मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव निरंजन ओहदार और सुनील समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। डाकघर परिवार ने बच्चों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को पारंपरिक पत्र लेखन और डाक सेवाओं से जोड़ने में मददगार हैं।

चिट्ठी से जुड़ती हैं भावनाएं

गुमला मुख्य डाकघर के पोस्टमास्टर शिव शंकर ठाकुर ने कहा कि राखी और शुभकामना संदेश डाक के माध्यम से भेजने की परंपरा आज भी लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़ती है। उन्होंने कहा कि पत्र सिर्फ संदेश पहुंचाने का साधन नहीं, बल्कि रिश्तों की यादों और भावनाओं को सहेजने का माध्यम भी है।

उन्होंने बच्चों को बचपन से ही पत्र लेखन और डाक सेवा से परिचित कराने को उपयोगी पहल बताया। डाक विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई कि रक्षाबंधन के मौके पर राखी और शुभकामना संदेश डाक के जरिए भेजकर इस परंपरा को जीवित रखें।

Read more

Local News