Thursday, June 25, 2026

 मौसम विज्ञान केंद्र ने 25 से 30 जून तक रांची में कहीं-कहीं बारिश के संकेत दिए हैं.

Share

 झारखंड में मॉनसून की रफ्तार अब भी धीमी बनी हुई है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राज्य के कुछ इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार 25 जून को रांची का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

 मौसम विज्ञान केंद्र ने 25 से 30 जून तक रांची में कहीं-कहीं बारिश के संकेत दिए हैं. एक से 24 जून तक झारखंड में 58 प्रतिशत कम बारिश हुई है. इस दौरान सामान्य बारिश 132.2 मिमी होनी चाहिए, लेकिन वास्तविक वर्षापात 55.6 मिमी ही है. वहीं, रांची में अब तक सामान्य से 13 प्रतिशत कम बारिश हुई है. रांची में इस दौरान सामान्य बारिश 137.4 मिमी है, लेकिन अब तक 119.6 मिमी ही बारिश हुई है. 

25-26 जून का मौसम 

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अलग-अलग हिस्सों में कहीं-कहीं बादल गरजने, बिजली गिरने और 40–50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं, राज्य के उत्तर-पश्चिमी भागों, विशेषकर गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों में कहीं-कहीं लू चलने की संभावना जताई गई है. 26 जून को राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. साथ ही कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन होने के आसार हैं. 

कई जिलों में अब भी गर्मी और उमस का असर 

बुधवार को रांची में 15 मिमी बारिश दर्ज की गई है. जबकि, बोकारो में छिटपुट बारिश हुई है. बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री, जमशेदपुर का 37.6 डिग्री, बोकारो का 36.2 डिग्री व चाईबासा का 37 डिग्री सेल्सियस रहा. इधर, मॉनसून के झारखंड पहुंचने के बाद भी अब तक यहां के लोगों को लगातार झमाझम बारिश देखने को नहीं मिल रही है. इस कारण गर्मी और उमस से पूरी तरह राहत नहीं मिल पा रही है. अब भी पलामू, गढ़वा और चतरा जिले में लू की स्थिति बनी हुई है. 

बारिश से सड़कों पर बहने लगा नालियों का पानी

राजधानी रांची में बुधवार को हुई बारिश से एक ओर लोगों को जहां गर्मी और उमस से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर बारिश ने शहर की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी. खेलगांव चौक, बरियातू रोड, सेवा सदन पथ, रातू रोड, डिस्टिलरी पुल के पास और सिरमटोली चौक में नालियों का पानी सड़क पर बहने लगा. 

Table of contents [hide]

Read more

Local News