Tuesday, May 5, 2026

मौसम में बदलाव के कारण राजधानी में सब्जियों के दामों में काफी बदलाव आया है

Share

पटना में मौसम बदलने से सब्जियों के दाम बढ़ गए हैं। टमाटर 100 रुपये किलो तक बिक रहा है, जिससे आम आदमी परेशान है। अन्य सब्जियों के दामों में भी उछाल आया है, जिससे लोगों को रसोई का बजट संभालने में दिक्कत हो रही है।

पटना। मौसम में बदलाव के कारण राजधानी में सब्जियों के दामों में काफी बदलाव आया है। 30-40 रुपये मिलने वाली सब्जियों का दाम 60-80 रुपये तक पहुंच गया है।

पिछले माह हुई भारी बारिश, जल-जमाव और बाढ़ का असर अब शहर के बाजारों में तेज़ी से दिखने लगा है। दुकानदारों के अनुसार, दियारा व आसपास के जिलों की फसलों के खराब होने से पटना की मंडियों में सब्जियों की आवक कम हो गई है।

आपूर्ति घटते ही कीमतें बेतहाशा बढ़ गई हैं। शहर की सब्जी मंडियों में फूलगोभी और मूली को छोड़कर लगभग हर सब्जी 60 रुपये किलो से ऊपर बिक रही है। पटेलनगर की डाली ने बताया कि सब्जियों की बढ़ी कीमतों ने घर का बजट बिगाड़ दिया है

वहीं दुकानदारों की मानें तो आपूर्ति कम होने के कारण दाम नियंत्रण में रखना मुश्किल हो गया है। राजेंद्र नगर सब्जी बाजार के दुकानदार धर्मेंद्र कुमार बताते हैं कि जल्ला और दियारा क्षेत्र में पानी भरने से सब्जी की फसलें खराब हो गई हैं।

वैशाली, समस्तीपुर, फतुहा और अन्य इलाकों से भी पहले की तरह माल नहीं आ रहा। जो सब्जी आ भी रही है, वह कम मात्रा में और महंगी मिल रही है। हमारी खरीद ही महंगी है।

मीठापुर के सब्जी विक्रेता राम कुमार ने बताया कि ठंड वाली सब्जियों की बुवाई में देर हो गई है। स्थानीय माल मिल नहीं रहा, इसलिए बाहर से लाना पड़ रहा है। बेंगलुरु से आ रहा टमाटर महंगा पड़ रहा है, इसलिए इसकी कीमत 70 से 100 रुपये किलो के बीच बनी हुई है।

इन सब्जियों के दाम रिकार्ड स्तर पर

सब्जी का नामकीमत (प्रति किलो/पीस)
बैंगन लंबा60–80 रु./किलो
बैंगन गोल80–100 रु./किलो
भिंडी60–80 रु./किलो
फूलगोभी (पीस)20–40 रुपये
लाल साग50–60 रु.
परवल70–90 रु.
नेनुआ50–80 रु.
हरी मिर्च80–110 रु.
धनिया पत्ता100–120 रु.
सेम60–80 रु.
शिमला मिर्च100–120 रु.
गाजर40 रु.
बोरो80 रु.
मटर120–160 रु.

Read more

Local News