IPL 2025 में आज मुंबई इंडियंस (MI) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेले जाने वाले मुकाबले से पहले जानें सब कुछ.
मुंबई : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 20वें मैच में आज मुंबई इंडियंस (MI) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की टीमें एक दूसरे से भिड़ेंगी. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला शाम 7:30 बजे से वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई में खेला जाएगा. मुंबई इंडियंस की टीम ने इस सीजन में अभी तक अपने फैंस को निराश किया है और 4 में सिर्फ 1 मैच में जीत हासिल की है. वहीं, आरसीबी ने अभी तक शानदार खेल दिखाया है और 3 मुकाबलों में से 2 में जीत दर्ज की है. प्वाइंट्स टेबल में एमआई 8वें स्थान पर है जबकि आरसीबी तीसरे नंबर पर काबिज है.
IPL में आज मुंबई बनाम बेंगलुरु मुकाबला
हार्दिक पांड्या की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस की टीम 18वें संस्करण के आज अपने 5वें मैच में मैदान पर उतरेग. एमआई की टीम ने अभी तक खराब प्रदर्शन किया है. एमआई ने एकमात्र जीत अपने होम ग्राउंड वानखेड़े स्टेडियम पर मिली है, जहां उसने कोलकाता नाइट राइडर्स को 8 विकेट से हराया था. इसके अलावा 5 बार की चैंपियन इस टीम को चेन्नई सुपर किंग्स, गुजरात टाइटन्स और लखनऊ सुपर जायंट्स से हार का सामना करना पड़ा है. हालांकि, आज आरसीबी के खिलाफ मैच में स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के खेलने की उम्मीद है, जो रविवार को ही टीम से जुड़े हैं.
वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने सीजन की शुरुआत शानदार तरीके से की है और अपने फैंस को खुश होने का मौका दिया है. रजत पाटीदार की कमान वाली आरसीबी ने आईपीएल 2025 के ओपनिंग मैच में पहले गत चैंपियन केकेआर को हराया. फिर अपने अगले मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को उसके घर में हराकर शानदार शुरुआत की. हालांकि, अपने होम ग्राउंड चिन्नास्वामी स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ मैच में आरीसीबी को हार का सामना करना पड़ा. आरसीबी फैंस को उम्मीद है कि उनकी टीम इस बार खिताब जितेगी, ऐसे में टीम की नजरें आज एमआई को हराकर जीत की पटरी पर लौटने पर होगी.
MI vs RCB हेड टू हेड
मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड्स की बात करें तो इसमें मुंबई का पलड़ा भारी रहा है. दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 33 मैच खेले गए हैं. इस दौरान 19 बार एमआई ने जीत हासिल की है. वहीं, आरसीबी ने 14 मैच जीते हैं. हालांकि, दोनों टीमों के बीच खेले गए पिछले 5 मैचों में आरसीबी का दबदबा रहा है और उसने 3 मुकाबले जीते हैं और 2 गंवाए हैं.
वानखेड़े स्टेडियम मुंबई पिच रिपोर्ट
मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम हमेशा से ही हाई स्कोरिंग वाला मैदान रहा है, और फैंस दोनों टीमों के बल्लेबाजों से कुछ धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद कर सकते हैं, जिसका श्रेय स्टेडियम की छोटी बाउंड्री लाइन को जाता है. टॉस शायद ही महत्वपूर्ण होने वाला है, लेकिन फिर भी, अधिकतर कप्तान इस मैदान पर दूसरी पारी में बाद में ओस आने की संभावना को देखते हुए पहले गेंदबाजी करना ज्यादा पसंद करते हैं.
MI vs RCB दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
मुंबई इंडियंस की संभावित प्लेइंग-11
रोहित शर्मा, रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), नमन धीर, राज अंगद बावा, मिशेल सेंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट.
इंपैक्ट प्लेयर: विग्नेश पुथुर/अश्वनी कुमार
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की संभावित प्लेइंग-11
विराट कोहली, फिल साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, यश दयाल.
इंपैक्ट प्लेयर: सुयश शर्मा/रसिख दार सलाम


