Monday, August 3, 2026

‘मिर्जापुर: द मूवी’ का पहला गाना ‘दो नंबरी’ कल होगा रिलीज, धांडा न्योलीवाला की आवाज में दिखेगा नया अंदाज.

Share

‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। टीजर को मिली शानदार प्रतिक्रिया के बाद अब फिल्म के मेकर्स ने इसके पहले गाने की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। फिल्म का डेब्यू ट्रैक ‘दो नंबरी’ कल यानी बुधवार को रिलीज किया जाएगा।

इस गाने को हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के चर्चित कलाकार धांडा न्योलीवाला ने अपनी आवाज दी है। खास बात यह है कि उन्होंने इस गाने को लिखा और कंपोज भी किया है। ‘दो नंबरी’ के जरिए न्योलीवाला बॉलीवुड म्यूजिक में कदम रखने जा रहे हैं।

मेकर्स के मुताबिक, यह ट्रैक दमदार बीट्स और एनर्जेटिक अंदाज से भरपूर है, जो ‘मिर्जापुर’ की पहचान रही दबंग दुनिया और जबरदस्त माहौल को दर्शाने की कोशिश करता है। फिल्म की रिलीज से पहले यह गाना दर्शकों के बीच उत्सुकता और बढ़ाने वाला माना जा रहा है।

गाने की घोषणा के साथ ही फैंस में फिल्म के ट्रेलर को लेकर भी इंतजार तेज हो गया है। फिल्म का ट्रेलर 11 अगस्त को रिलीज किया जाएगा। वहीं, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को देश और विदेश के सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

बड़े पर्दे पर पहली बार ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी की कहानी देखने को मिलेगी। फिल्म में सत्ता, संघर्ष और अपराध की दुनिया के बीच चलने वाली कहानी को आगे बढ़ाया जाएगा। इसमें अली फजल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।

इसके अलावा अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी और सोनल चौहान भी फिल्म का हिस्सा हैं।

‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह कर रहे हैं, जबकि कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म का निर्माण एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने किया है। कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी इसके सह-निर्माता हैं। फिल्म को अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट प्रस्तुत कर रहे हैं।

Read more

Local News