Friday, April 17, 2026

माननीय राज्यपाल महोदय ने अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के ‘पूर्व सैनिक महासम्मेलन’ में भाग लिया

Share

RANCHI :माननीय राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार ने गुरुनानक स्कूल सभागार में आयोजित अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के ‘पूर्व सैनिक महासम्मेलन’ में कहा कि हमारे पूर्व सैनिक राष्ट्र के प्रति समर्पण, अनुशासन और सेवा भावना का प्रतीक हैं। उनका योगदान समाज और राष्ट्र के लिए अतुलनीय और प्रेरणादायक है। राज्यपाल महोदय ने यह भी कहा कि हमारे सैनिकों ने देश की सीमाओं की रक्षा के अलावा प्राकृतिक आपदाओं में सहायता और दूरदराज क्षेत्रों में सामाजिक उत्थान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, उनका साहस, अनुशासन और समर्पण हमारे लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने ‘वन रैंक, वन पेंशन’ जैसी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि इससे पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को वित्तीय स्थिरता मिली है, जो सरकार की प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता को दर्शाता है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व सैनिकों का नेतृत्व और अनुशासन शिक्षा, ग्रामीण विकास और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में समाज को सशक्त बना सकता है।

राज्यपाल महोदय ने कहा कि पूर्व सैनिक केवल अतीत के रक्षक नहीं, बल्कि हमारे वर्तमान और भविष्य के निर्माता भी हैं। उनका सम्मान और गरिमा हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने झारखंड में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद की प्रगति की प्रशंसा की, जो अब राज्य के 11 जिलों में फैल चुकी है और न केवल सैनिकों के अधिकारों की रक्षा कर रही है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता जैसे क्षेत्रों में भी सक्रिय योगदान दे रही है। साथ ही उन्होंने सैनिक परिवारों के समर्थन की सराहना की, जिनके त्याग और धैर्य से पूरा समाज प्रेरित होता है। राज्यपाल महोदय ने सैनिकों और उनके परिवारों को आश्वस्त किया कि उनका संघर्ष और समर्पण व्यर्थ नहीं जाएगा, और देश हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा।

Read more

Local News