पौराणिक कथाओं पर आधारित फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है। फिल्म का ट्रेलर 17 सितंबर को जारी कर दिया गया। इसमें अंजलि अरोड़ा माता सीता की भूमिका में नजर आ रही हैं। फिल्म में भगवान राम और रावण के बीच होने वाले संघर्ष के साथ रामायण की प्रमुख घटनाओं को सिनेमाई अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।
फिल्म में देव शर्मा भगवान राम, अंजलि अरोड़ा सीता और रजनीश दुग्गल रावण की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं शील वर्मा लक्ष्मण और निर्भय वाधवा हनुमान के किरदार में दिखाई देंगे।
सीता के अपहरण से शुरू होती है कहानी
ट्रेलर की शुरुआत सीता के अपहरण के प्रसंग से होती है। इसके बाद दर्शकों को अशोक वाटिका का दृश्य देखने को मिलता है, जहां रावण सीता के सामने राम के लंका तक पहुंचने को लेकर चुनौती पेश करता है। सीता का विश्वास है कि प्रभु राम उन्हें बचाने जरूर आएंगे और अधर्म का अंत होगा।
ट्रेलर में राम-रावण संघर्ष की पृष्ठभूमि को इसी विश्वास और धर्म-अधर्म के टकराव के जरिए आगे बढ़ाया गया है।
हनुमान से मुलाकात से लेकर लंका युद्ध तक की झलक
करीब दो मिनट के ट्रेलर में राम और हनुमान की मुलाकात, हनुमान का लंका पहुंचना और अशोक वाटिका में सीता से भेंट जैसे महत्वपूर्ण प्रसंग शामिल हैं। इसके अलावा राम सेतु निर्माण, वानर सेना के साथ लंका की ओर राम का प्रस्थान और युद्धभूमि के दृश्यों की भी झलक दिखाई गई है।
ट्रेलर के अंतिम हिस्से में राम और सीता के पुनर्मिलन का दृश्य कहानी को भावनात्मक मोड़ देता है।
प्रेम, भक्ति और धर्म पर केंद्रित है फिल्म
‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ में रामायण की कथा को प्रेम, भक्ति, मर्यादा और धर्म के भावों के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। फिल्म की कहानी भगवान राम की यात्रा और रावण के साथ उनके निर्णायक संघर्ष के इर्द-गिर्द आगे बढ़ती है।
25 सितंबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
फिल्म का निर्देशन अभिषेक सिंह ने किया है। प्रकाश महोबिया और संजय बुंदेला इसके निर्माता हैं, जबकि हनी कुलदीप अग्रवाल और मोनिका सेन सह-निर्माता हैं। फिल्म को एजे फिल्म एंटरटेनमेंट वर्ल्ड के अजय कनौजिया प्रस्तुत कर रहे हैं।
‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ 25 सितंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा में दर्शकों के सामने लाया जाएगा।
