मधुबनी। जयनगर से प्रयागराज के लिए चली स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस को मधुबनी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों द्वारा करीब आधा घंटा तक रोककर हंगामा किया गया।

आक्रोशित यात्रियों का कहना था कि ट्रेन के किसी भी बोगी में चढ़ने की सुविधा नहीं थी। बता दें कि ट्रेन में काफी भीड़ होने के कारण एक भी यात्री ट्रेन में नहीं चढ़ सके। जिससे आक्रोशित यात्रियों ने ट्रेन के इंजन के आगे पहुंचकर गाड़ी को जाने से रोक दिया।
यात्रियों के आक्रोश को देखते हुए स्टेशन प्रशासन द्वारा इसकी सूचना नगर थाना को दी गई। मौके पर पहुंची नगर थाना पुलिस ने इंजन के आगे से यात्रियों से हटने का निर्देश दिया। लेकिन यात्रियों को नहीं मानने पर नगर थाना पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी पुलिस से यात्रियों को हटाने के लिए सख्ती करना पड़ा।
आक्रोशित यात्रियों ने ट्रेन को पहुंचाई क्षति
इससे आक्रोशित यात्रियों द्वारा ट्रेन के एसी बोगी सहित अन्य बोगियों के शीशे को क्षति पहुंचाया। जिससे ट्रेन को करीब आधा घंटा लेट रवाना किया गया। ट्रेन से अपनी यात्रा नहीं कर पाने वाले यात्रियों ने अपना टिकट वापस कराने की बात कही।

कई यात्रियों ने बताया कि ट्रेन में पैर रखने की भी जगह नहीं थी। जिससे यात्रा करना मुश्किल हो गया। जबकि टिकट कटा चुके थे। बता दें कि मधुबनी स्टेशन पर करीब 500 यात्री जुटे थे। इसमें अधिकांश यात्री प्रयागराज के लिए यात्रा करना करने वाले थे।
ट्रेन में यात्रियों को जगह नहीं मिलने के बाद कुछ यात्री अपने-अपने गंतव्य स्थान की ओर रवाना हो गए। जबकि दर्जनों यात्री दूसरे ट्रेन के इंतजार में स्टेशन पर जुटे रहे। कई यात्रियों ने बताया कि वे बस के माध्यम से दरभंगा, समस्तीपुर जाएंगे। जहां से प्रयागराज के लिए जाने वाली ट्रेन से रवाना होंगे।
मधुबनी रेलवे स्टेशन पर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एक बोगी का शीशा तोड़ने की सूचना मिली है। घटना की जांच की जाएगी। – वीणा देवी, जीआरपी थानाध्यक्ष
