एक नया शुक्रवार मतलब ओटीटी पर नया एंटरटेनमेंट. मई का पहला हफ्ता जबरदस्त ड्रामा, थ्रिलर और इमोशनल कहानियां लेकर आया है. चाहे आप एक आराम भरा वीकेंड प्लान कर रहे हों या फिर पूरी रात बैठकर फिल्में-सीरीज देखने का इरादा हो, इस हफ्ते की रिलीज हर मूड के लिए कुछ न कुछ खास लेकर आई हैं. यहां 1 मई, 2026 को ओटीटी पर रिलीज होने वाली कुछ बेहतरीन फिल्में और सीरीज दी गई हैं, जिन्हें आपको बिल्कुल भी मिस नहीं करना चाहिए.
‘ग्लोरी’
कहां देखें: नेटफ्लिक्स
स्ट्रीमिंग डेट: 1 मई
अगर आपको स्पोर्ट्स ड्रामा पसंद हैं, तो ग्लोरी को अपनी लिस्ट में शामिल करना बनता है. यह सीरीज बॉक्सिंग की दुनिया में गहराई से उतरती है. इसकी कहानी बॉक्सिंग की तेज-तर्रार दुनिया पर आधारित है. पुलकित सम्राट, दिव्येंदु शर्मा और आशुतोष राणा अभिनीत इस कहानी का केंद्र एक ऐसा परिवार है जो एक मर्डर मिस्ट्री में उलझ जाता है. करण अंशुमन और कनिष्क वर्मा की निर्देशित यह सीरीज खेल, अपराध और भावनात्मक संघर्ष का एक बेहतरीन मेल है.
‘अनदेखी: द फाइनल बैटल’
कहां देखें: सोनी लिव
स्ट्रीमिंग डेट: 1 मई
आशीष आर की निर्देशित ‘अनदेखी: द फाइनल बैटल’ इस क्राइम थ्रिलर का आखिरी सीजन है, जो अटवाल परिवार के भीतर चल रही जबरदस्त सत्ता की लड़ाई को जारी रखता है. यह पापाजी और रिंकू के बीच के टकराव पर केंद्रित है. धोखे और बदले की आग में जलता हुआ रिंकू, उस साम्राज्य को तबाह करने निकल पड़ा है जिसे बनाने में उसने कभी खुद मदद की थी.
‘सपने वर्सेज एवरीवन’ सीजन 2
कहां देखें: अमेजन प्राइम वीडियो
स्ट्रीमिंग डेट: 1 मई
‘सपने वर्सेस एवरीवन’ का दूसरा सीजन अपने सपनों का पीछा कर रहे दो लोगों के सफर को आगे बढ़ाता है. अंबरीश वर्मा और परमवीर सिंह चीमा की मुख्य भूमिका वाली यह कहानी, एक्टिंग और रियल एस्टेट के क्षेत्र में आने वाली मुश्किलों को दिखाती है. यह सीरीज सपनों, बदले और जिंदा रहने के संघर्ष को दर्शाती है.
‘द केरल स्टोरी : गोज बियॉन्ड’
कहां देखें: जी5
स्ट्रीमिंग डेट: 1 मई
‘द केरल स्टोरी : गोज बियॉन्ड’ एक पॉलिटिकल ड्रामा है, जो अपनी पिछली फिल्म के थीम को आगे बढ़ाता है. इस फिल्म में उल्का गुप्ता और अदिति भाटिया जैसे कलाकारों शामिल हैं. यह फिल्म तीन ऐसी लड़कियों की जिंदगी की कहानी है, जिनका प्रेम के जाल में फंसाकर धर्मांतरण कर दिया जाता है. इस दौरान तीनों लड़कियों को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ता है. यह अलग-अलग शहरों की कहानी होती है
‘बाइकर’
कहां देखें: नेटफ्लिक्स
स्ट्रीमिंग डेट: 1 मई
शरवानंद और मालविका नायर अभिनीत फिल्म ‘बाइकर’ एक स्पोर्ट्स-एक्शन ड्रामा है, जिसने सिनेमाघरों में अच्छा प्रदर्शन किया. सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने के बाद, अब यह डिजिटल रिलीज के लिए तैयार है. यह तेलुगू स्पोर्ट्स-एक्शन ड्रामा एक पेशेवर रेसर के जीवन पर आधारित है. इसमें तेज रफ्तार बाइकिंग सीन के साथ-साथ परिवार से जुड़ी एक भावनात्मक कहानी का भी मेल है.
‘आडू 3: वन लास्ट राइड’
कहां देखें: जी5
स्ट्रीमिंग डेट: 1 मई
आडू 3 एक फैंटेसी कॉमेडी फिल्म है, जिसे मिथुन मैनुअल थॉमस ने डायरेक्ट किया है और इसमें जयसूर्या मुख्य भूमिका में हैं. अपनी अनोखी कहानी कहने के अंदाज के लिए मशहूर यह फ्रैंचाइजी अपना कॉमेडी अंदाज से लोगों को हंसाने के लिए ओटीटी पर 1 मई से स्ट्रीम हो रही है.
‘सिटाडेल सीजन 2’
कहां देखें: अमेजन प्राइम वीडियो
स्ट्रीमिंग डेट: 6 मई
ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा एक बार फिर लोगों का दिल धड़काने आ रही हैं. प्रियंका अपनी सबसे ज्यादा सराही गई स्पाई थ्रिलर के दूसरे सीजन के साथ वापसी कर रही हैं. रिचर्ड मैडेन के साथ, यह ड्रामा एक ऐसी टीम की कहानी है जो एक नई साजिश को रोकने के लिए एक बेहद जोखिम भरे मिशन पर निकलती है.


