Tuesday, May 26, 2026

मंईयां सम्मान ही नहीं, झारखंड की बेटियों के लिए ये योजना भी चलाती है हेमंत सोरेन सरकार, मिलते हैं 40 हजार

Share

मंईयां सम्मान योजना के अलावा भी हेमंत सोरेन सरकार झारखंड की बेटियों के लिए योजना चलाती है. इस योजना के तहत बेटियों को 40 हजार रुपए मिलते हैं. इस पैसे का इस्तेमाल लड़कियां अपनी पढ़ाई में कर सकतीं हैं. मंईयां सम्मान योजना से काफी पहले इस योजना की शुरुआत कर दी गई थी. झारखंड सरकार ने इस योजना की शुरुआत की थी, ताकि लड़कियां उच्च शिक्षा के अपने सपनों को पूरा कर सकें. हालांकि, झारखंड सरकार की यह योजना सभी लड़कियों के लिए नहीं है. यह वित्तीय सहायता योजना किशोरियों, विशेष रूप से समाज के कमजोर वर्गों की लड़कियों को शिक्षा से जुड़े अपने सपनों को पूरा करने में मदद कर रही है.

सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना से मिलता है लाभ

हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार की इस योजना का नाम है- सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना (एसपीकेएसवाई). इस योजना का मकसद बाल विवाह को बंद करना, पढ़ाई बीच में छोड़ने वाली बच्चियों की संख्या में कमी लाना और लड़कियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करना है. काफी हद तक यह योजना अपने प्रयासों में सफल हो रही है.

मेरी बेटी के डॉक्टर बनने में बाधा नहीं आएगी गरीबी – सुभाष महतो

सुभाष महतो नामक एक अभिभावक का कहना है कि सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना ने सुनिश्चित किया है कि वित्तीय बाधाएं अब उनकी बेटी के डॉक्टर बनने के सपने में बाधा नहीं बनेंगी. सुभाष महतो की बेटी अभी 10वीं में पढ़ रही है. उसे इतने पैसे मिल जा रहे हैं कि वह अपनी शिक्षा आगे भी जारी रख सकती है.

6 किस्त में 40 हजार रुपए देती है सरकार

इस योजना के तहत किशोरियों की शिक्षा को आसान बनाने और महिला सशक्तिकरण तथा लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए सरकार बच्चियों को 6 किस्तों में कुल 40,000 रुपए की छात्रवृत्ति देती है. सावित्री बाई फूले किशोरी समृद्धि योजना के तहत 8वीं से 12वीं तक की लड़कियों को 5 किस्तों में 20,000 रुपए दिए जाते हैं.18-19 वर्ष की आयु होने पर इन लड़कियों को सरकार एकमुश्त 20,000 रुपए की छात्रवृत्ति देती है.

7,35,859 लड़कियों को मिला योजना का लाभ

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2024-25 के लिए 7.35,859 लाख किशोरियों को इस योजना में शामिल किया गया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 से पहले जब ‘आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार’ कार्यक्रम शुरू किया था, तब कहा था कि राज्य के किसी माता-पिता को अपनी बेटियों की शिक्षा के बारे में चिंता करने की जरूरत नहीं है. सरकार सभी बेटियों का ध्यान रखेगी. सावित्री बाई फूले किशोरी समृद्धि योजना उनका ध्यान रखेगी. पहले, इस योजना का लाभ 2 बेटियों तक सीमित था, लेकिन बाद में सरकार ने सभी लड़कियों को सहायदा राशि देने का फैसला किया.

किस क्लास की कितनी किशोरियों को मिला लाभ

  • वर्ष 2024-25 में आठवीं की 161050 लड़कियों को योजना का लाभ मिला.
  • वर्ष 2024-25 में नौवीं की 1,55,777 लड़कियों को योजना का लाभ मिला.
  • वर्ष 2024-25 में दसवीं की 1,53,718 लड़कियों को योजना का लाभ मिला.
  • वर्ष 2024-25 में 11वीं की 1,08,062 लड़कियों को योजना का लाभ मिला.
  • वर्ष 2024-25 में 12वीं की 95,920 लड़कियों को योजना का लाभ मिला.
  • 18-19 वर्ष की उम्र में 61,332 लड़कियों को एकमुश्त मिले 20000 रुपए.

Table of contents [hide]

Read more

Local News