Wednesday, April 22, 2026

 भारत और दक्षिण अफ्रीका की महिला टीमें आज तीसरे टी20 मैच में आमने-सामने होंगी.

Share

 इस समय सभी क्रिकेट फैंस का ध्यान इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) पर है, जहां देश-विदेश के बेहतरीन खिलाड़ी अपना जलवा बिखेर रहे हैं. लेकिन इसी बीच भारतीय महिला टीम भी एक्शन में हैं और वो इसी साल इंग्लैंड में होने वाले T20 विश्व कप की तैयारी में लगी हुई है, जिसके लिए वे दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर हैं. जहां आज दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की सीरीज का तीसरा T20I मैच जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेला जाएगा.

खास बात ये है कि महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शुरू होने से पहले भारत को सिर्फ छह T20I मैच खेलने हैं, और हरमनप्रीत कौर और उनकी टीम के पास अब समय बहुत कम बचा है. इस सीरीज के पहले दो मैचों में भारत को हार का सामना करना पड़ा है, और अब तक टीम अच्छी लय में नजर नहीं आई है. दोनों ही मैचों में वे 160 रन का आंकड़ा पार करने में नाकाम रही हैं, और गेंदबाजी करते हुए भी वे सिर्फ छह विकेट ही ले पाई हैं.

भारत के लिए आज का मैच ‘करो या मरो’ वाला होगा, क्योंकि वे सीरीज में 2-0 से पीछे चल रहे हैं. पहले मैच में भारत को 157 रन बना पाई थी, जिसके मेजबान टीम ने 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया, जबकि दूसरे मैच में भारतीय टीम 147 पर ऑलआउट हो गई थी. जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम ने 2 विकेट खोकर ही लक्ष्य को हासिल कर लिया.
दक्षिण अफ्रीका की टीम ने अब तक खेले गए दोनों ही मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है, और वे इस मैच को जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त बनाना चाहेंगे.

INDW vs SAW तीसरे T20 मैच के लाइव स्ट्रीमिंग की डिटेल्स
भारत और दक्षिण अफ्रीका की महिला टीमों के बीच तीसरा टी20 मैच भारतीय समय के अनुसार रात 9:30 से शुरू होगा. इस मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट के चैनल नंबर 3 पर किया जाएगा, क्योंकि स्टार नेटवर्क के अन्य चैनल इस समय IPL मैचों का प्रसारण करने में व्यस्त रहेंगे. इसके अलावा, इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जिओ हॉटस्टार पर भी उपलब्ध होगी.

INDW vs SAW: दोनों टीमों के स्क्वाड
भारतीय महिला टीम: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, अनुष्का शर्मा, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, क्रांति गौड़, श्री चरणानी, भारती फुलमाली, उमा छेत्री, काशवी गौतम, रेणुका सिंह ठाकुर.

दक्षिण अफ्रीकी महिला टीम: लौरा वोल्वार्ड्ट (कप्तान), सुने लुस, ताजमिन ब्रिट्स, एनेरी डर्कसेन, एनेके बॉश, क्लो ट्रायॉन, नादिन डी क्लर्क, सिनालो जाफ्ता (विकेटकीपर), अयाबोंगा खाका, तुमी सेखुखुने, नॉनकुलुलेको म्लाबा, अयांदा ह्लुबी, कायला रेनेके, टेबोगो माचेके, एलिज-मारी मार्क्स.

Read more

Local News