रोहतास: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाशदीप ने युवा वैभव सूर्यवंशी की सराहना की है. उन्होंने कहा कि बेहद कम उम्र में वैभव ने जो उपलब्धि हासिल की है, वह न केवल प्रशंसनीय है बल्कि देश के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है.
वैभव ने साबित किया- प्रतिभा की कोई उम्र नहीं: आकाशदीप ने सासाराम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहा कि आज दुनिया के किसी भी कोने में क्रिकेट खेला या देखा जा रहा है. वहां वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन की चर्चा हो रही है. उन्होंने कहा कि वैभव ने लगन, मेहनत और जुनून से साबित कर दिया है कि उम्र सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती.
15 साल की उम्र में देश-दुनिया में छाए वैभव: आकाशदीप ने जोर देकर कहा कि प्रतिभा की कोई उम्र नहीं होती. चाहे खिलाड़ी 15 साल का हो या 45 साल का, यदि निष्ठा और समर्पण के साथ मेहनत की जाए तो सफलता जरूर मिलती है. वैभव सूर्यवंशी की उपलब्धि पूरे देश के युवा खिलाड़ियों के लिए सकारात्मक संदेश है.
“वैभव सूर्यवंशी ने यह दिखा दिया है कि प्रतिभा की कोई उम्र नहीं होती. चाहे कोई खिलाड़ी 15 साल का हो या 45 साल का यदि वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ मेहनत करता है तो उसे सफलता जरूर मिलती है. वैभव की उपलब्धि पूरे देश के खिलाड़ियों के लिए एक सकारात्मक संदेश है.”-आकाशदीप, भारतीय क्रिकेटर
बिहार की मिट्टी में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं: सासाराम कार्यक्रम में आकाशदीप ने कहा कि बिहार की धरती में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जरूरत केवल उचित प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने की है. सही मार्गदर्शन मिलने पर बिहार के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकते हैं.

आकाशदीप संचालित कर रहे हैं क्रिकेट अकादमी: आकाशदीप सासाराम में एक क्रिकेट अकादमी भी चलाते हैं, जहां स्थानीय युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाता है. इसी क्रम में उनके पिता राम जी सिंह की स्मृति में नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन उन्होंने खुद किया.
खेल भावना और अनुशासन पर दिया जोर: उद्घाटन समारोह में आकाशदीप ने युवा खिलाड़ियों से अपील की कि वे खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लें. उन्होंने कहा कि क्रिकेट केवल खेल नहीं, बल्कि अनुशासन, संघर्ष और टीम भावना सिखाने का माध्यम भी है.
आईपीएल में चमके वैभव: वैभव सूर्यवंशी ने हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया. अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और आत्मविश्वास से उन्होंने कम समय में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है.
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच: टूर्नामेंट के उद्घाटन के बाद खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा गया. लोगों ने आकाशदीप की पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर प्रदान करेंगे और खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा.


