रांची: प्रेम और भाईचारे के त्योहार होली के मौके पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में माहौल पूरी तरह फगुआमय रह. वहीं, झामुमो कांग्रेस और राजद के कार्यालय में सन्नाटा पसरा रहा.
भाजपा कार्यालय में जहां भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह और पार्टी के कार्यकर्ता और नेता सभी ने रंगों का त्योहार खुशी से मनाया, वहीं कांग्रेस, राजद और झामुमो के कार्यालय के गेट तक नहीं खुले. भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने होली के प्रति इस उदासीनता का राजनीतिकरण करते हुए कहा कि इन पार्टियों में सनातन के प्रति ममत्व नहीं है.
शिवपूजन पाठक ने कहा कि इस दिन किसी भी राजनीतिक पार्टी का नाम लेकर उसपर टिप्पणी करना ठीक नहीं है, लेकिन भाजपा कार्यालय में होली पूरे जोश और परंपरा के साथ मनाई जा रही है. वहीं राज्य की सत्ताधारी पार्टियों के प्रदेश और केंद्रीय कार्यालय में जो सन्नाटा पसरा है, इससे पता चलता है कि किस पार्टी का सनातन के प्रति कितना ममत्व है.

शिवपूजन पाठक ने कहा कि सनातन का एक ही संदेश है विश्व का कल्याण हो. भारत बुद्ध की धरती है और यहीं से शांति का संदेश पूरी दुनिया में फैलता है.

भाजपा नेता के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राजद की प्रदेश उपाध्यक्ष अनीता यादव ने कहा कि होली या दूसरी छुट्टियों में आमतौर पर प्रदेश राजद कार्यालय बंद ही रहता है. उन्होंने कहा कि रमजान के महीने में दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया जाता है क्योंकि रमजान का महीना लंबा चलता है. इस बार निकाय चुनाव में पार्टी नेताओं की व्यस्तता के कारण पार्टी लेवल पर होली मिलन समारोह नहीं हो सका.

कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता सोनाल शांति ने कहा कि यह सनातन से ममत्व का मामला नहीं है, बल्कि भाजपा की राजनीति का मामला है. हम कांग्रेस के सदस्य अपने घरों में त्योहार मनाना पसंद करते हैं. इसलिए आज पार्टी ऑफिस बंद है. उन्होंने कहा कि सनातन धर्म से लगाव का दावा करने वाले भाजपा नेताओं को यह बताना चाहिए कि केंद्र सरकार ने उन लोगों के लिए कोई खास व्यवस्था क्यों नहीं की, जो दूसरे राज्यों में काम करके रोजी-रोटी कमाते हैं और घर लौटकर अपने परिवार के साथ होली मनाना चाहते थे.


