बोकारो: सेक्टर-4 के कुमार मंगलम स्टेडियम में चल रही दूसरी NTPC राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हो गया। समापन कार्यक्रम में आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार और सम्मान प्रदान किया।
समारोह में मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो तथा सेवानिवृत्त न्यायाधीश एसके अग्निहोत्री भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर सुदेश महतो ने विभिन्न राज्यों से प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे तीरंदाजों की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल में कामयाबी केवल प्रतिभा से नहीं मिलती, बल्कि निरंतर अभ्यास, मेहनत और आत्मविश्वास भी उतना ही जरूरी है। खिलाड़ियों का अच्छा प्रदर्शन देश और राज्य दोनों के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने झारखंड में मौजूद खेल प्रतिभाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए उचित प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन और पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाने चाहिए। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन से जुड़े सभी लोगों और तीरंदाजी संघ के पदाधिकारियों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से आए तीरंदाजों ने अलग-अलग वर्गों और स्पर्धाओं में अपना कौशल दिखाया। समापन समारोह में विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मान मिलने से आयोजन का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।
