Friday, July 17, 2026

बोकारो डीसी ने चाकूलिया गांव में विकास योजनाओं की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश.

Share

बोकारो: जिला उपायुक्त अजय नाथ झा और उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने शुक्रवार को चास प्रखंड के चाकूलिया गांव का दौरा कर विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मनरेगा, बीवी-जीरामजी योजना, अबुआ आवास योजना समेत अन्य विकास कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

सिंचाई कूप का किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मनरेगा के तहत लाभुक विंदेश्वर गोराई के नाम स्वीकृत बिरसा सिंचाई कूप का अवलोकन किया। उन्होंने लाभुक की पत्नी नेहाली देवी से सिंचाई कूप के उपयोग, धान की खेती और कृषि गतिविधियों की जानकारी ली। साथ ही सिंचाई संसाधनों का बेहतर उपयोग कर कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

परती भूमि पर आम बागवानी का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश

दौरे के दौरान उपायुक्त ने सिंचाई कूप के पास स्थित परती भूमि का भी निरीक्षण किया। उन्होंने चास के प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रदीप कुमार और कार्यक्रम पदाधिकारी को संबंधित रैयत से समन्वय स्थापित कर वहां आम बागवानी विकसित करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया।

लाभुकों का हुआ केवाईसी, आवास योजना का भी लिया जायजा

चाकूलिया के मूर्तिटांड़ टोला में अधिकारियों की मौजूदगी में बीवी-जीरामजी (मनरेगा) योजना से जुड़े कई लाभुकों का केवाईसी कराया गया। इसके अलावा उपायुक्त और डीडीसी ने अबुआ आवास योजना के तहत बनाए गए मकानों का निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की।

इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए ऐसे निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।

Read more

Local News